खुजनेर नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर पारंपरिक और सांस्कृतिक माहौल में राखी उत्सव मनाया गया। विद्यालय की छात्राओं और आचार्य दीदियों ने भाइयों को राखी बांधकर उनके सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष और राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त मोहन नागर भी शामिल हुए। उन्हें भी बहनों ने राखी बांधी। इस अवसर पर नागर ने कहा कि रक्षाबंधन हमारी भारतीय संस्कृति में आपसी स्नेह, विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक है।

उन्होंने बताया कि यह केवल एक पारिवारिक पर्व नहीं है। यह सामाजिक एकता और नारी सम्मान का भी संदेश देता है। विद्यालय के आचार्यगण, संयोजक मंडल के सदस्य और छात्र-छात्राएं सादगी और गरिमा के साथ कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

इस आयोजन ने बच्चों में संस्कारों की भावना जागृत की। बहनों ने रक्षा सूत्र बांधकर भाइयों की लंबी उम्र की कामना की। भाइयों ने जीवनभर रक्षा का संकल्प दोहराया।

मोहन नागर ने विद्यालय के कार्य और संस्कारशील वातावरण की सराहना की। उन्होंने सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। यह आयोजन संस्कार, संस्कृति और सामाजिक बंधुत्व का सशक्त उदाहरण बना।

51 पौधे लगाकर देखरेख का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार द्वारा म.प्र. जन अभियान परिषद उपाध्यक्ष मोहन  नागर की उपस्थिति में 51 पौधे रोपण कर देखभाल का भी संकल्प लिया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण पर संवाद किया व उन्हें एक पेड़ माँ के नाम व मिट्टी गणेश अभियान से जुड़ने का आग्रह किया ।

इस आयोजन में श्री केदार काकाजी, श्री राधेश्याम नागर जी, श्री रामेश्वर नागर जी सहित समिति के सदस्यगण, आचार्य परिवार व भैया-बहिन सम्मिलित हुए ।