*
राजगढ़ 05 अगस्‍त, 2025
जिले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एमटीएस की भर्ती की एक फर्जी खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस खबर में दावा किया जा रहा है कि जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा एमटीएस के पदों पर नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे जा रहें हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शोभा पटेल ने बताया कि यह खबर पूरी तरह से फर्जी है और जिला स्वास्थ्य विभाग इसका खंडन करता है।
मुख्‍य चिकित्‍सा एवं स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारी डॉ. पटेल द्वारा बताया गया कि इस तरह की कोई भी भर्ती या नियुक्ति संबंधी सूचना स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी नहीं की गई है। विभाग युवाओं से अपील करता है कि वे इस तरह की फर्जी खबरों से गुमराह न हो और किसी के बहकावे में आकर कोई भी आवेदन कहीं भी जमा न करें। साथ ही किसी भी प्रकार को कोई शुल्क भी अदा न करें। उन्‍होंने कहा कि आजकल सोशल मीडिया पर कई ऐसे गिरोह काम कर रहें जो लोगों को ठगने का काम करते हैं। विभाग द्वारा किसी भी जानकारी, सूचनाएं, भर्ती अथवा विज्ञापन हेतु विभागीय वेबसाइट अथवा विश्वसनीय समाचार पत्रों के माध्यम से ही प्रसारित की जाती है। उन्होंने कहा कि यदि फिर भी कोई व्यक्ति अथवा वाट्सअप पर किसी के द्वारा कोई मैसेज प्रसारित किया जाता है तो तुरंत विभाग को सूचित करें।