मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सारंगपुर में 112 करोड़ रूपये की लागत से 733 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया जल गंगा सवंर्धन अभियान अंतर्गत कालीसिंध नदी में जलदूतों के साथ किया श्रमदान श्री कपिलेश्वर मुनि मंदिर में महादेव का किया जला अभिषेक

राजगढ़ 28 अप्रैल, 2025
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को जिले के विकासखंड सारंगपुर में 112 करोड रूपये की लागत वाले विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत जन अभियान परिषद के सहयोग से जलदूतों के साथ श्रमदान किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यहां श्री कपिलेश्वर मुनि मंदिर में महादेव की पूजा अर्चना की एवं जलाभिषेक किया। श्रमदान आरंभ करने के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कालीसिंध नदी में भी जलाभिषेक कर पूजा अर्चना की। इस अवसर पर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग श्री गौतम टेटवाल, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार, सांसद श्री रोडमल नागर, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद उपाध्यक्ष श्री मोहन नागर, विधायक राजगढ़ श्री अमर सिंह यादव, खिलचीपुर विधायक श्री हजारीलाल दांगी, विधायक नरसिंहगढ़ श्री मोहन शर्मा, सदस्य दिशा श्री ज्ञानसिंह गुर्जर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित बडी संख्या में नागरिक मौजूद थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में जिले में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। जिले के किसान उन्नत कृषि की तरफ अग्रसर हो रहे हैं। समूचे जिले की कायापलट हो रही है। जिला अब उन्नत दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में गोसंवर्धन की दिशा में सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। अब कोई भी गौशाला लावारिस नहीं रहेगी। प्रत्येक गौशाला में प्रति गाय के मान से 20 की जगह 40 रूपये अनुदान दिया जाएगा। जो किसान घरों में 25 से अधिक गाय पालेंगे उनको भी सरकार अनुदान देगी। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को समृद्ध बनाने के लिए भी प्रदेश सरकार काम कर रही है। अब दीदियों को लखपति बनाया जा रहा है। प्रदेश की धार्मिक नगरों में शराब बंदी लागू की गई है। अब इन नगरों में शराब की बजाए दूध की दुकाने चालू की जाएंगी। आने वाले कुम्भ में उज्जैन में स्थायी सिंहस्थ नगर बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को बिजली की सहूलियत प्रदान करने के लिए अब उनको सोलर सिस्टम पर अनुदान दिया जा रहा है, ताकि वे सिंचाई की बिजली के लिए परेशान न हो। डॉ. यादव ने जिले में ओबीसी, एसटी, एससी विद्यार्थियों के लिए जाति प्रमाण पत्र प्रदान करने के कार्य की सराहना की। साथ ही पुलिस विभाग अंतर्गत प्रदेश में पहली बार जिले के सभी थानों को आईएसओ प्रमाण पत्र मिलने की भी उन्होंने प्रशंसा की। पुलिस विभाग द्वारा अपराधियों को अपराधिक प्रवृत्ति से मुक्ति दिलकार सामान्य जीवन की दिशा में लाए जाने के कार्य को भी सराहनीय बताया। इस अवसर पर उन्होंने सारंगपुर में विद्युत विभाग का डिवीजन स्थापित करने की घोषणा की। साथ ही सारंगपुर से फोर लेन तक 44 करोड की सडक निर्माण एवं एवी रोड से पटाडि़या धाकड एवं गुड़नपुर तक 38 करोड की लागत से मार्ग निर्माण की भी घोषणा की गई। कार्यक्रम की शुरूआत में संबोधित करते हुए राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने सारंगपुर क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सारंगपुर को दी गई विभिन्न कार्यो की सौगातों से वे अभिभूत है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने जन सहयोग से जिले के छात्रावासों में प्रदाय किए जा रहे वाटर कूलर के वितरण का शुभारंभ किया। सामाजिक न्याय विभाग द्वारा आयोजित शिविर में दिव्यांगों को ट्रायसिकल भी वितरित की। वहीं कृषि विभाग की प्रदर्शनी में ड्रोन दीदी के भी कार्यों की सराहना की। उन्होंने सारंगपुर क्षेत्र में हथकरघा द्वारा महिलाओं द्वारा दरी चादर के निर्माण की लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। कार्यक्रम के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्री कपिलेश्वर गौशाला पहुंचकर गौ पूजन एवं गोवर्धन पूजन भी किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दो कैंसर पीडि़त मरीजो को 2-2 लाख एवं एक को एक लाख रूपये उपचार हेतु प्रदान करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा जिन कार्यो का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया उनमें 38.37 करोड लागत के अधोसंरचना एवं विकास के 35 कार्यो का लोकार्पण किया गया। साथ ही 31 करोड लागत के अधोसंरचना एवं विकास के 13 कार्य एवं 42.23 करोड लागत के जल गंगा संवर्धन अभियान के 685 कार्यो का भूमिपूजन शामिल है।
..