राजगढ़ 21 जुलाई, 2025
बच्चों में होने वाली बीमारियों और कुपोषण की सक्रिय पहचान करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे दस्तक अभियान को लेकर सोमवार को मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में जिले के विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जहां उन्हें मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शोभा पटेल द्वारा अभियान से संबंधित गतिविधियों और उनके अपेक्षित परिणामों से अवगत कराया गया। डॉ. पटेल ने कहा कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य मीडिया को दस्तक अभियान की गंभीरता और जन जागरूकता में उनकी भूमिका के बारे में बताना है। अभियान 22 जुलाई से शुरू होकर 16 सितंबर तक चलेगा। उन्होंने अभियान से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े, सफलता की कहानियां और जमीनी स्तर पर आने वाली चुनौतियों को भी मीडिया के सामने बताया। 
जिला टीकाकरण अधिकार डॉ. एल.पी. भकोरिया ने जानकारी देते हुए कहा कि दस्तक अभियान अन्तर्गत स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसमें 0 से 5 साल तक के बच्चों में निमोनिया, दस्त रोग, कुपोषण, एनीमिया और अन्य सामान्य बीमारियों की पहचान करते हुए उन्हें तुरंत उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों की टीकाकरण की स्थिति को भी पता किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभियान में बच्चों के परिजनों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की जा रही है और अभियान सिर्फ बीमार बच्चों की पहचान तक ही सीमित नहीं है, बल्कि इसका लक्ष्य समुदाय में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना भी है। साथ ही अभिभावकों को बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति सचेत करना भी है। समुदाय में मीडिया ही एक ऐसा सशक्त माध्यम है जो इस अभियान को जन जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएगा, ताकि कोई भी बच्चा उपचार से वंचित न रह सके। इस अवसर पर डीटीओ डॉ. राजीव हरिऔध, डीसीएम श्री सुनिल वर्मा, मीडिया प्रभारी श्री सैयद फिरोज, श्री जय सोनी, श्री चेतन साहू मौजूद थे।