राजगढ 21 जून, 2024

जिले में पल्‍स पोलियो अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिवा ने बताया कि पल्स पोलियों अभियान के प्रथम चरण अंतर्गत जिले में 0 से 05 वर्ष तक के 02 लाख 23 हजार बच्चों को पोलियों की दवा क्रमश: तीन दिवस 23,24, 25 तक पिलाई जाएगी। जिसका पर्यवेक्षण कार्य जिला स्तरीय गठित दल द्वारा किया जाएगा। डॉ. वाडिवा ने बताया की अभियान को सफल बनाये जाने हेतु कलेक्टर श्री हर्ष दीक्षित की अध्यक्षता में पल्स पोलियों अभियान हेतु जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित कर स्वास्थ्य विभाग के समस्त अधिकारियों/कर्मचारियों के साथ अंतर्विभागीय अधिकारियों/कर्मचारियों को भी पल्स पोलियो अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाये जाने हेतु निर्देशित किया जा गया। साथ ही अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बरती जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। 

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. एल.पी. भकोरिया ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियों कार्यक्रम की सम्पूर्ण तैयारियां हो गई है। जिसमें जिले में कुल 1654 बूथ बनाए गए है। बी-टाईप के 1149 बूथ बनाए गए एवं सी-टाईप के 505 बूथ बनाए गए हैं। इन समस्त बूथों पर 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। जिले के 1654 बूथों पर कुल 3451 वैक्सिनेटर को लगाया गया है। जिसका पर्यवेक्षण कार्य 193 सुपरवाईजरों के द्वारा अभियान के तीनों दिन किया जाएगा। जिले में ट्रांजिट पाइंट/मेला-बाजार/एचआरए/माइग्रेटरी कुल 188 साईट चिन्हित की गई है। इन साईट पर दवा पिलाने हेतु कुल 58 मोबाईल टीम बनाई गई है जोकि ईट भटटों,  बस स्टेण्ड, रेल्वे स्टेशनों आदि पर जाकर बच्चों को दवा पिलायेगी।            

डॉ. भकोरिया ने बताया कि जिला स्तर पर पल्स पोलियों अभियान हेतु कन्ट्रोल रूम का निर्माण कर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही पल्स पोलियों कन्ट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 7470820887 पर अभियान से संबंधित किसी भी प्रकार की सहायता हेतु एवं अप्रियघटना होने पर तुरन्त कॉल कर सम्पर्क किया जा सकता है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिवा ने जिले के समस्त नागरिको  से आग्रह किया है कि वह 0 से 5 वर्ष तक के समस्त बच्चों को पोलियों की दवा अवश्‍य पिलायें।