*

 *राजगढ़ 03 सितम्‍बर,  2025* 
वन स्टॉप सेंटर राजगढ़ में लघु विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर किशोर न्यायाधीश सुश्री स्मिग्धा पाठक द्वारा महिला एवं बालिकाओं सहित आवेदक/अनावेदकों से संवाद किया गया। उन्होंने वन स्टॉप सेंटर की कार्यप्रणाली का अवलोकन कर उसकी सराहना की।
न्यायाधीश सुश्री पाठक ने महिलाओं के प्रकरणों पर चर्चा करते हुए उनकी समस्याओं के समाधान हेतु परामर्श दिया तथा पारिवारिक रिश्तों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने परामर्श के माध्यम से परिवार को जोड़ने के प्रयास करने की समझाइश दी। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से जोड़कर सहायता दिलाने और न्यायालय अंतर्गत उपलब्ध सेवाओं का लाभ हिंसा पीड़िताओं तक पहुँचाने पर बल दिया। उल्लेखनीय है कि वन स्टॉप सेंटर में प्रति माह इस प्रकार के लघु विधिक साक्षरता शिविर आयोजित किए जाते हैं।
वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक सुश्री रश्मि चौहान ने न्यायाधीश सुश्री स्मिग्धा पाठक को केंद्र की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने शासन स्तर पर चलाए जा रहे विशेष अभियान “संकल्प : हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन” के अंतर्गत दस दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम की जानकारी दी। जिसमें बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, पीसीपीएनडीटी एक्ट, जेंडर संवेदीकरण, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम तथा विभिन्न कानूनी अधिनियमों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की अन्य प्रमुख योजनाओं जैसे 181 महिला हेल्पलाइन तथा घरेलू हिंसा रोकथाम अधिनियम से लाभान्वित महिलाओं की जानकारी भी दी गई। इस दौरान केंद्र के परामर्शदाता सुश्री कविता वर्मा, केस वर्कर सुश्री स्मिता शुक्ला, सुश्री गूंजा सक्सेना सहित समस्त स्टाफ एवं आवेदक- अनावेदक उपस्थित रहे।
 *