*
 *राजगढ़ 17 जनवरी, 2026* 

      कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा आयोजित समीक्षा बैठक में राजस्व विभाग के कार्यों की गहन समीक्षा की गई। बैठक में उन्होंने रिकॉर्ड दुरुस्ती को गंभीरता से लेने तथा जारी किए जाने वाले सभी आदेशों में पूर्ण स्पष्टता रखने के निर्देश दिए।
नामांतरण प्रकरणों में कुछ तहसीलदारों के निम्न प्रदर्शन पर असंतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 80 प्रतिशत से कम डिस्पोजल स्वीकार्य नहीं होगा। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए।

     रीडर स्तर पर लंबित प्रकरणों के बेहतर निराकरण पर राजस्व टीम के अच्छे प्रदर्शन की सराहना करते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने टीम को बधाई दी।
भूमि आवंटन के मामलों में निर्देश दिए गए कि भूमि आवंटित होते ही संबंधित हितग्राहियों को तत्काल एवं स्पष्ट सूचना दी जाए। वसूली प्रकरणों की समीक्षा के दौरान अतिक्रमण करने वालों से वसूली की स्थिति की समीक्षा की गई। 

    कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि अतिक्रमण शुल्क की वसूली बहुत कम है तथा बिना ठोस योजना के प्रगति अत्यंत निम्न पाई गई। उन्होंने प्रभावी प्लानिंग के साथ वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए। खनन क्षेत्रों की समीक्षा में निर्देश दिए गए कि यदि स्वीकृत लीज क्षेत्र से अधिक खुदाई की गई है, तो उसे अतिक्रमण मानते हुए संबंधित से अतिक्रमण शुल्क की वसूली की जाए। सभी एसडीएम को निर्देशित किया गया कि नगरीय निकायों में संचालित खातों की जानकारी संकलित कर लाइन लिस्टिंग के माध्यम से भेजें। एसडीएम ब्यावरा को वसूली की ठोस योजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए। 

     किसान रजिस्ट्री में खराब प्रदर्शन पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने असंतोष व्यक्त करते हुए हल्का-वार नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। सभी तहसीलदार एवं पटवारियों को किसान रजिस्ट्री का कार्य प्राथमिकता से एवं गंभीरता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
स्वामित्व योजना के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि लंबित मामलों में शीघ्र केस बनाकर प्रस्तुत किए जाएं। साथ ही कितने मामलों का प्रथम प्रकाशन हो चुका है, इसकी स्थिति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में अधिकार अभिलेखों की भी गहन समीक्षा की गई तथा उनमें त्रुटिरहित संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश कलेक्टर द्वारा दिए गए।

     साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन अंतर्गत राजगढ़, ब्यावरा एवं नरसिंहगढ़ अनुभागों में शिकायतों के समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण कर प्रदर्शन में सुधार लाने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर समस्त एसडीएम  सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।