राज्य वक्फ समिति के तत्वावधान में गुरुवार, 18 सितम्बर 2025 को ताजुल मसाजिद स्थित सैयद सुलेमान नदवी हॉल में एक दिवसीय राज्य स्तरीय कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। सेमिनार का मुख्य विषय रहा – “वक्फ संशोधन अधिनियम 2025: मुस्लिम समाज के लिए नये नियमों के लाभ एवं प्रभाव”।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों, उलेमा और प्रदेश स्थित दरगाह एवं मस्जिदों के सदर एवं मुतावल्ली ने वक्फ संशोधन अधिनियम 2025 में किए गए नए प्रावधानों का विस्तार से विश्लेषण किया।

इस अवसर पर वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल की कार्यशैली और दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. पटेल ने वक्फ संपत्तियों के संरक्षण और उनके पारदर्शी प्रबंधन के लिए जो प्रयास किए हैं, वे प्रशंसनीय हैं। उनके मार्गदर्शन में बोर्ड लगातार मुस्लिम समाज के हितों को मज़बूती देने की दिशा में काम कर रहा है।

वक्ताओं ने कहा कि अधिनियम से वक्फ संपत्तियों के बेहतर संरक्षण और प्रबंधन को नई दिशा मिलेगी। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में मुस्लिम समाज को प्रत्यक्ष लाभ पहुँचने की संभावनाएँ और मजबूत होंगी।

कार्यक्रम में राजगढ़ जिले से वक्फ दरगाह बाबा बदख्शानी रहमतुल्लाह अलैह की प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष मोहम्मद शफीक खान ने जिले का प्रतिनिधित्व किया। वे राजगढ़ जिले से इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले एकमात्र सदस्य रहे।

चर्चा के दौरान यह भी कहा गया कि अधिनियम से पारदर्शिता बढ़ेगी, संपत्तियों का सही उपयोग सुनिश्चित होगा और आने वाले समय में समुदाय को आर्थिक मजबूती के साथ सामाजिक सशक्तिकरण मिलेगा।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ऑल ओवर मध्य प्रदेश दरगाह एवं मस्जिदों के अध्यक्ष मौजूद रहे। अंत में सभी ने वक्फ संशोधन अधिनियम 2025 के नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन में सहयोग देने का संकल्प लिया।