राजगढ़ 05 मई, 2026
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अभिनव पहल “संवाद से समाधान” कार्यक्रम जिले में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। हर मंगलवार को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में आमजन की शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किए जाने से नागरिकों में कार्यक्रम के प्रति विशेष लगाव एवं विश्वास देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम की खास बात यह है कि कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा स्वयं प्रत्येक शिकायतकर्ता से वनटूवन चर्चा कर संबंधित विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में समस्या का समाधान सुनिश्चित करते हैं। मौके पर ही निराकरण होने से शिकायतकर्ताओं में प्रशासन के प्रति विश्वास का भाव मजबूत हो रहा है और वे इस पहल को अपनी समस्याओं के समाधान का सशक्त माध्यम मानने लगे हैं।
 मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में सहकारिता विभाग से संबंधित कुल पांच शिकायतों का कलेक्टर डॉ. मिश्रा द्वारा मौके पर ही निराकरण किया गया। ग्राम भाटखेड़ा की खाद समस्या पर सख्त कार्रवाई के निर्देश शिकायतकर्ता श्री शिवराज सिंह ने बताया कि ग्राम भातखेड़ा की सस्ता समिति द्वारा उन्हें डीएपी खाद उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिससे उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने संस्था प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा ई-टोकन जारी नहीं करने पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही प्रकरण को फाइल पर रखने के निर्देश दिए गए। लक्ष्मी उमरी समिति में वित्तीय अनियमितताओं की जांच के निर्देश दिए। 
शिकायतकर्ता श्री संतोष सिंह राजपूत ने जिला सहकारी संघ मर्यादित बैंक बोड़ा अंतर्गत लक्ष्मी उमरी समिति में लगभग 7 लाख रुपये की अनियमित निकासी एवं बिना जानकारी वेतन वृद्धि की शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने प्रकरण को फाइल पर रखने, समय-सीमा बैठक में शामिल करने तथा संबंधित डीआर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही 15 दिवस में सभी समितियों में वेतन निर्धारण की प्रक्रिया की जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।  शिकायतकर्ता श्री गजराज सिंह ने शिकायत की कि उनके नाम पर 40 हजार रुपये का फर्जी खाद वितरण दर्शाया गया है तथा उनसे राशि की मांग की जा रही है। इस पर कलेक्टर ने गंभीरता दिखाते हुए पूर्व संस्था प्रभारी श्री हरि सिंह से राशि वसूली करने एवं उनके विरुद्ध विभागीय जांच के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा की इस पहल से “संवाद से समाधान” कार्यक्रम न केवल शिकायत निवारण का मंच बन रहा है, बल्कि प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास एवं संवाद को भी सशक्त कर रहा है। जिले में यह कार्यक्रम सुशासन की दिशा में एक प्रभावी पहल के रूप में स्थापित हो रहा है।
*