राजगढ़ जिले में झूठी सूचनाओं एवं गंभीर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री के.एल. बंजारे के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी नरसिंहगढ़ श्री प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में थाना कुरावर पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए मात्र 06 घंटे में झूठी लूट की घटना का सफल खुलासा किया।

*घटना का विवरण*

दिनांक 01.07.2026 को रात्रि लगभग 09:30 बजे आवेदक दीपक महावर निवासी ग्राम मोयलीकला द्वारा डायल-112 एवं थाना कुरावर पर सूचना दी गई कि वह अपने मित्र मतीन स्वाँ के साथ बी.एस.एस. सोनाटा माइक्रोक्रेडिट प्रा. लि. के कार्यालय, जीन मोहल्ला कुरावर से नकदी लेकर घर लौट रहा था। मोयलीकला जोड़ से लगभग 500 मीटर आगे अज्ञात मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर ₹1,50,000 से भरा बैग लूट लिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल विशेष पुलिस टीम गठित कर घटनास्थल का निरीक्षण, स्थानीय पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों का परीक्षण एवं आवेदक से गहन पूछताछ की गई। जांच के दौरान आवेदक के कथनों में लगातार विरोधाभास पाए जाने पर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने स्वीकार किया कि उसके साथ कोई लूट की घटना नहीं हुई थी।

आवेदक ने बताया कि वह मजदूरी करता है तथा कर्ज में होने के कारण लालचवश उसने लगभग ₹1,00,000 से भरा बैग अपने घर में छिपा दिया था तथा पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से ₹1,50,000 की झूठी लूट की कहानी गढ़ी थी। पुलिस टीम द्वारा उसके घर से ₹1,00,000 नगद सहित बैग बरामद कर लिया गया। जांच में यह भी सामने आया कि आवेदक के परिजनों को भी लूट न होने की जानकारी थी।

थाना कुरावर पुलिस द्वारा मात्र 06 घंटे में पूरे प्रकरण का सफल खुलासा कर झूठी सूचना का पर्दाफाश किया गया। आवेदक के विरुद्ध झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने के संबंध में पृथक से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

*सराहनीय योगदान*

उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह मावई, उप निरीक्षक अरविंद सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक 670 मिथुन जाट, प्रधान आरक्षक चालक 446 राजेश यादव, आरक्षक 189 अरविंद गोयल एवं आरक्षक 428 प्रदीप भिलाला की सराहनीय भूमिका रही।

*सोशल मीडिया पर जुड़े रहें*

Facebook : RJHSP
Instagram : @sp_rjh
X (Twitter) : @RajgarhSp

— *जिला पुलिस राजगढ़ (म.प्र.)*
✨*राजगढ़ पुलिस – आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प* ✨