*राजगढ़ 29 अप्रैल, 2026* 

प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजगढ़ में प्राचार्य डॉ. वी.बी. खरे के निर्देशन में ‘मिशन लाइफ’ अभियान के अंतर्गत “Say No to Single Use Plastic” विषय पर जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को पूर्णतः त्यागने के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय की इको क्लब प्रभारी श्रीमती जया मोदी ने सिंगल यूज़ प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह मिट्टी, जल एवं वायु को प्रदूषित कर मानव जीवन और जैव विविधता के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। उन्होंने विद्यार्थियों से प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की।

प्राचार्य डॉ. खरे ने अपने संदेश में कहा कि “यदि हम सभी अपने दैनिक जीवन में सिंगल यूज़ प्लास्टिक का त्याग करने का संकल्प लें, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा बदलाव संभव है। युवाओं की सहभागिता इस अभियान की सफलता की कुंजी है।” कार्यक्रम के अंत में प्रो. जया मोदी द्वारा विद्यार्थियों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण हेतु सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ दिलाई गई।