हराना/ भैसवामाता । क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से विद्युत वितरण कंपनी द्वारा 14 मई 2026, गुरुवार को ग्राम भैसवामाता में एक दिवसीय वृहद विद्युत समाधान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर का आयोजन पाडलिया माता सब डिवीजन अंतर्गत किया जा रहा है, जहां सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा। शिविर में कलाली, घट्टिया, लोटिया, अरनिया सहित आसपास के गांवों के बिजली उपभोक्ता अपनी समस्याएं लेकर पहुंच सकेंगे। विद्युत विभाग द्वारा उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष टीम तैनात की जाएगी। पाडलिया माता जेई नरेंद्र गायरी ने बताया कि शिविर में घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए 5 रुपये वाले नए घरेलू कनेक्शन के आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे। इसके अलावा लो-वोल्टेज एवं हाई-वोल्टेज की समस्या, टूटे एवं झुके हुए बिजली पोल, ढीले तार, खराब लाइन व्यवस्था जैसी शिकायतों का भी समाधान किया जाएगा। शिविर में बिजली बिल सुधार, गलत रीडिंग, अधिक बिल आने संबंधी शिकायतों की जांच कर सुधार किया जाएगा। बंद या जले हुए मीटर बदलने की प्रक्रिया भी शिविर में पूरी की जाएगी। साथ ही नाम परिवर्तन, भार वृद्धि एवं भार कमी के आवेदन भी लिए जाएंगे। कृषि पंप कनेक्शन से जुड़ी समस्याओं के निराकरण की भी व्यवस्था रहेगी। विद्युत विभाग ने क्षेत्र के सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपनी बिजली संबंधी समस्याओं एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर शासन की इस सुविधा का लाभ उठाएं। विभाग का उद्देश्य उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित एवं सरल समाधान सुनिश्चित करना है।