*राजगढ़ 19 मई, 2026* 

     जिले में आमजन को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा खिलचीपुर, जीरापुर एवं माचलपुर क्षेत्र की विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति, चिकित्सकीय व्यवस्थाएं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, कर्मचारियों की उपस्थिति, वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली का गहन परीक्षण किया गया।

    कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

 *छापीहेड़ा स्वास्थ्य केंद्र में मिली अनियमितताओं पर सख्त रुख* 

     प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छापीहेड़ा के निरीक्षण के दौरान कई प्रशासनिक एवं चिकित्सकीय अनियमितताएं सामने आईं। चिकित्सक की अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने एवं वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने रोगी कल्याण समिति के आय-व्यय अभिलेख, कैश बुक एवं अन्य वित्तीय दस्तावेजों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति सुधारने, संक्रमित एवं अनुपयोगी सामग्री का सुरक्षित निष्पादन सुनिश्चित करने तथा मरीजों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।

      साथ ही औषधि भंडार के निरीक्षण में दवा स्टॉक एवं रिकॉर्ड में विसंगति पाए जाने पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।साथ ही अस्पताल में रिक्त पदों की पूर्ति, एम्बुलेंस संचालन व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।

 *जीरापुर सिविल अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा, बेहतर कार्य पर सराहना* 

     सिविल अस्पताल जीरापुर में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने प्रसव कक्ष, ऑपरेशन थिएटर, वार्ड, ओपीडी एवं एनआरसी का निरीक्षण किया। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, संकेतक बोर्ड, लोक सेवा गारंटी संबंधी जानकारी एवं व्यवस्थाओं के सुव्यवस्थित संचालन पर संबंधित स्टाफ की सराहना की गई। एनआरसी में बच्चों की अपेक्षाकृत कम उपस्थिति पाए जाने पर महिला एवं बाल विकास विभाग से समन्वय बनाकर पात्र बच्चों को एनआरसी से जोड़ने के निर्देश दिए गए।

      कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने आउटसोर्स कर्मचारियों को समय पर वेतन पर्ची उपलब्ध कराने, सेवा संबंधी अभिलेख नियमित रूप से संधारित करने तथा प्रशासनिक पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का फीडबैक भी लिया गया तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम तत्काल लागू करने को कहा गया।

 *माचलपुर स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश* 

      प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र माचलपुर के रात्रिकालीन निरीक्षण के दौरान चिकित्सक एवं स्टाफ उपस्थित पाए गए।ड्यूटी रूम में अत्यधिक गर्मी की समस्या को देखते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने 1.5 टन क्षमता का एयर कंडीशनर लगाने एवं आवश्यक फर्नीचर एवं उपकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अनुपयोगी वॉशरूम की मरम्मत कर उसे उपयोग योग्य बनाने तथा अस्पताल की मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

 *जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता* 

      कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि जिले के प्रत्येक नागरिक को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्वास्थ्य संस्थाओं में नियमित निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग के माध्यम से व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार करें तथा शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य सुनिश्चित करें।