*राजगढ़ 04 जून, 2026* 

     उप तहसील बोड़ा अंतर्गत ग्राम कंडाराकोटरी तहसील नरसिंहगढ़ में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 1 करोड़ रुपये मूल्य की शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया है। राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाया और भूमि को पुनः शासन के अधीन कराया।

     नायब तहसीलदार श्री सुरेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम कंडाराकोटरी के मुख्य मार्ग पर स्थित बेशकीमती शासकीय भूमि पर गांव के मनीष पिता जगदीश, नारायण पिता गंगाराम, सोनू पिता प्रहलाद एवं दिनेश पिता गंगाराम सर्व जाति धोबी निवासी कंडारा कोटरी द्वारा पक्के मकान बनाकर अतिक्रमण कर लिया गया था।इस संबंध में ग्रामीणों द्वारा उप तहसील बोड़ा में शिकायत दर्ज कराई गई थी।

    शिकायत की जांच के दौरान संबंधित भूमि पर अतिक्रमण पाया गया, जिसके बाद अतिरिक्त तहसीलदार, उप तहसील बोड़ा के न्यायालय में अतिक्रमण प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। मामले की सुनवाई उपरांत न्यायालय द्वारा 25 फरवरी, 2025 को अतिक्रमणकारियों को उक्त शासकीय भूमि से बेदखल करने का आदेश जारी किया गया था।
बेदखली आदेश के विरुद्ध संबंधित पक्षों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नरसिंहगढ़ के न्यायालय में अपील प्रस्तुत की। अपील की सुनवाई के बाद  एसडीएम न्यायालय ने अतिरिक्त तहसीलदार के आदेश को यथावत रखते हुए अतिक्रमणकारियों को शासकीय भूमि से हटाने के निर्देश दिए।

    एसडीएम न्यायालय के आदेश के पालन में 04 जून, 2026 को श्री सुरेश सिंह अतिरिक्त तहसीलदार, उप तहसील बोड़ा के नेतृत्व में राजस्व अमला एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रशासनिक टीम ने विधिवत कार्रवाई करते हुए शासकीय भूमि पर बने अवैध निर्माणों को हटवाया तथा अतिक्रमणकारियों को भूमि से बेदखल किया।

     कार्रवाई के दौरान कानून- व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन की इस कार्रवाई से लगभग एक करोड़ रुपये मूल्य की शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त हो गई है। राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई को क्षेत्र में शासकीय संपत्तियों की सुरक्षा और संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।