**कुलदीप सिंगी बाबा 

राजगढ़, 25 मार्च 2026

जिला आपूर्ति अधिकारी श्री अजित कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि ऑयल कंपनियों से प्राप्त अद्यतन सूचना के अनुसार जिले में पेट्रोल एवं डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। वर्तमान स्थिति में जिले के सभी 155 पेट्रोल पम्पों पर लगभग 7 लाख 75 हज़ार लीटर पेट्रोल एवं 12 लाख 46 हज़ार लीटर डीजल का स्टॉक उपलब्ध है, जिससे आमजन की आवश्यकता की पूर्ति सुचारु रूप से की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पेट्रोल-डीजल की किसी प्रकार की कमी नहीं है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। अतः नागरिकों से अपील है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और संयम बनाए रखें।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही अपुष्ट जानकारी पर विश्वास न करें तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में केवल अधिकृत स्रोतों से प्राप्त जानकारी को ही मानें।
साथ ही जिले के सभी पेट्रोल पम्प संचालकों से आग्रह किया गया है कि वे सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए खुले बॉटल या केन में पेट्रोल-डीजल का विक्रय न करें।
प्रशासन द्वारा स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई।।