*
 *राजगढ़ 30 अप्रैल, 2026* 

     जिला पंचायत राजगढ़ में 30 मई, 2026 गुरुवार को सेवानिवृत्त हो रहे वाहन चालक के सम्मान में भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया।यह अवसर भावनात्मक होने के साथ-साथ प्रेरणादायक भी रहा, जब मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले ने अपने वाहन चालक की वर्षों की निष्ठापूर्ण सेवा को सम्मान देते हुए उन्हें विशेष सम्मान प्रदान किया।

     विदाई समारोह के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले ने वाहन चालक की कार्यनिष्ठा, समयपालन, अनुशासन एवं समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी संस्था की सफलता में प्रत्येक कर्मचारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। वर्षों तक अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करने वाले कर्मचारी सदैव सम्मान के पात्र होते हैं। इस अवसर को और भी विशेष बनाते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले ने सेवानिवृत्त वाहन चालक को अपनी स्वयं की सीट पर सम्मानपूर्वक बैठाया तथा स्वयं वाहन चालक की भूमिका निभाते हुए वाहन चलाकर उन्हें विदाई दी। यह दृश्य उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए अत्यंत भावुक और प्रेरणास्पद रहा। सभी ने इस सम्मानपूर्ण पहल की सराहना की।

     सेवानिवृत्त वाहन चालक ने भी अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए जिला पंचायत परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि उन्हें सदैव परिवार जैसा स्नेह एवं सहयोग प्राप्त हुआ। समारोह में जिला पंचायत के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।सभी ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सेवानिवृत्त कर्मचारी के उज्ज्वल एवं सुखद भविष्य की कामना की।