राम नवमी पर सारंगपुर में भक्ति, आस्था और उत्साह का संगम* *फूल माली समाज द्वारा निकाला गया भव्य चल समारोह* *झांकियां और अखाड़ों के करतब बने आकर्षण का केंद्र*
*
*राजगढ़ 29 मार्च, 2026*
राम जन्मोत्सव के पावन अवसर पर सारंगपुर नगर में सकल पंच फूल माली समाज के तत्वाधान में भव्य एवं विशाल चल समारोह निकाला गया। इस आयोजन में नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे नगर में “जय श्रीराम” के जयघोष गूंजते रहे और वातावरण भक्तिमय हो उठा।
चल समारोह में भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव की झलक प्रस्तुत करते हुए आकर्षक विमान, श्रीराम दरबार की मनोहारी झांकियां तथा भजन मंडलियों द्वारा प्रस्तुत सुमधुर भजनों ने सभी का मन मोह लिया। भजन गायकों की मधुर प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। नगर के छह प्रमुख मोहल्लों के अखाड़ों ने अपनी कला और परंपरा का अद्भुत प्रदर्शन करते हुए चल समारोह को विशेष बना दिया।
साथ ही गांधी चौक से प्रारंभ हुआ चल समारोह सदर बाजार, महाकाल चौराहा, मंडई चौक, जामा मस्जिद, रंगेरवाड़ी होते हुए बागकुआ टंकी पहुंचकर संपन्न हुआ। मार्ग में ब्राह्मण समाज, क्षत्रिय राठौर समाज, श्याम सेवा समिति, भारतीय जनता पार्टी मंडल सारंगपुर, महादेव मित्र मंडल, सनातन धर्म रक्षा मंच, स्वर्णकार समाज, प्रजापति समाज, नवदुर्गा वाल्मीकि युवा मंच, शिव प्रेमी संगठन, हिन्दू उत्सव समिति सहित अन्य सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा दर्जनभर से अधिक मंचों से भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं को ठंडे पेय पदार्थ एवं महाप्रसाद वितरित किया गया। समापन अवसर पर धर्मशाला में भगवान श्रीराम की महाआरती की गई एवं विशाल भंडारे का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग श्री गौतम टेटवाल सहित अन्य अतिथियों एवं वरिष्ठ समाजसेवियों का साफा एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया।
*चाक-चौबंद रही पुलिस व्यवस्था*
चल समारोह को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।नगर के प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। राम नवमी के इस भव्य आयोजन ने सारंगपुर नगर को पूरी तरह राममय बना दिया, जहां श्रद्धा, परंपरा और सामाजिक एकता की अनुपम मिसाल देखने को मिली।
राम नवमी पर सारंगपुर में भक्ति, आस्था और उत्साह का संगम* *फूल माली समाज द्वारा निकाला गया भव्य चल समारोह* *झांकियां और अखाड़ों के करतब बने आकर्षण का केंद्र*
ग्राम किशनगढ़ में गूंजा ‘मन की बात’ का 132वां एपिसोड