* 

 *राजगढ़ 22 जुलाई, 2026* 

कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में राजस्व विभाग में प्रचलित कार्यों की समीक्षा के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोक सेवा गारंटी के अंतर्गत समय-सीमा से बाहर लंबित सीमांकन एवं बंटवारा प्रकरणों, स्वामित्व योजना तथा कृषि संगणना कार्य की समीक्षा की गई। इस दौरान अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में लोक सेवा गारंटी के अंतर्गत समय-सीमा से बाहर प्रदर्शित हो रहे सीमांकन प्रकरणों की समीक्षा की गई। सुठालिया, कुरावर तथा खिलचीपुर - जीरापुर अनुविभाग के लंबित प्रकरणों के संबंध में संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों को प्रकरणों को फाइन करने के निर्देश दिए गए। कुरावर के दो प्रकरणों का निराकरण हो जाने के बावजूद पोर्टल पर प्रदर्शित होने पर उन्हें पुनः अपलोड कर पोर्टल से हटाने के निर्देश दिए गए।

आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज बंटवारा प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। नरसिंहगढ़, कुरावर, बोड़ा, जीरापुर, ब्यावरा, सुठालिया, सारंगपुर एवं पचोर तहसील के समय-सीमा से बाहर प्रदर्शित प्रकरणों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही कर प्रकरणों को फाइन करने तथा आदेश पारित हो चुके मामलों को पोर्टल पर तत्काल अपडेट करने के निर्देश दिए गए। नायब तहसीलदार तलेन को प्रकरण क्रमांक 256/अ-27/25-26 को पोर्टल पर अपडेट करने के लिए निर्देशित किया गया। बैठक में तहसीलदार खिलचीपुर के अवकाश के संबंध में अनुविभागीय अधिकारी खिलचीपुर को बिना कलेक्टर की अनुमति के अवकाश स्वीकृत नहीं करने के निर्देश भी दिए गए।

 *स्वामित्व योजना की समीक्षा के दौरान आरओआर कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश* 

स्वामित्व योजना की समीक्षा में सारंगपुर, नरसिंहगढ़, खिलचीपुर एवं ब्यावरा तहसीलों के विभिन्न ग्रामों में आरओआर कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। संबंधित तहसीलदारों को ग्राम पढ़ाना, सुस्याहेड़ी, तुकोगंज, विदेशी, धामधोर, पांजरा, छापरीकला, भवानीपुरा, सेदरा, रामपुरिया, मलावर एवं खुरी सहित अन्य ग्रामों में आरओआर कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। जिन ग्रामों में आरओआर कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, वहां संबंधित पटवारियों को जबलपुर से नक्शा प्राप्त कर कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्रामों में आबादी के नक्शे एवं रकबे में भिन्नता होने पर तत्काल सुधार कर आरओआर कार्य पूर्ण कराने को कहा गया। ग्राम सोनखेड़ा कला, सालरी एवं डोरियाखेड़ी के प्रकरण शीघ्र जिला कार्यालय को प्रेषित करने के निर्देश दिए गए।

 *कृषि संगणना का कार्य एक सप्ताह में पूर्ण कराने के निर्देश* 

बैठक में जिले में लंबे समय से लंबित कृषि संगणना कार्य की भी समीक्षा की गई। इस कार्य में विलंब पर आयुक्त, भू-संसाधन प्रबंधन द्वारा अप्रसन्नता व्यक्त किए जाने की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने सभी तहसीलदारों को कृषि संगणना की कार्यवाही एक सप्ताह में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में निर्देशित कार्यवाहियों का पालन प्रतिवेदन भी एक सप्ताह में प्रस्तुत करना सुनिश्चित करने को कहा गया।