खिलचीपुर। विगत कई दिनों से खिलचीपुर में आवारा सांडों ने आतंक मचा रखा है। यह हर कभी किसी भी व्यक्ति, महिला या बच्चे को घायल कर देते हैं। यहां तक की सांड के हमले से कई बार लोगों के जान जाने तक की नौबत भी आ चुकी है। लेकिन शासन प्रशासन का इन आवारा सांडों पर कोई ध्यान नहीं है। मंगलवार शाम को बस स्टैंड  निवासी राधेश्याम मालाकार पर सड़क पर चलते हुए ही एक आवारा सांड ने हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और चक्कर खाकर वहीं गिर पड़े। गनीमत यह रही कि उनका घर सामने ही होने की वजह से तुरंत परिजनों ने उन्हें संभाल लिया वरना गंभीर हादसा हो सकता था। आवारा सांडों को लेकर  कई बार न्यूज़ पेपर के माध्यम से या मीडिया के माध्यम से भी शासन प्रशासन को अवगत कराया गया परंतु इस बात से किसी को कोई फर्क नहीं पड़ता की आवारा सांड कितनी ही बार राहगीरों को घायल कर चुके हैं। सांड हमला इतनी तेज गति से करते हैं कि सामने वाले को संभलने का अवसर भी नहीं देते बस स्टैंड पर तो इस प्रकार के हादसे  होना आम बात हो गई है। कुछ दिनों पूर्व  नपा के ही एक कर्मचारी पर सांड ने हमला कर दिया ओर उसके हाथ में  फैक्चर हो गया। इसके कुछ दिनों पूर्व ही सब्जी बाजार के पास एक महिला को सांड ने उठाकर बुरी तरह से पटक दिया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई जिसका उपचार आज भी चल रहा है। ठीक उसके ही दूसरे दिन एक ग्रामीण को भी सांड ने घायल कर दिया और उसको लोगों ने अस्पताल पहुंचाया। हफ्ते में शायद ही कोई ऐसा दिन निकलता हो जब सांड किसी पर हमला नहीं करता हो। स्थानीय निवासियों ने कहा कि नपा को इसके बारे में गंभीर रूप से विचार करना चाहिए नहीं तो आने वाले दिनों में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं और यह आवारा सांड किसी की जान भी ले सकते हैं। लेकिन जब तक नपा के अधिकारियों को को यह बात समझ में आएगी तब तक शायद बहुत देर हो जाएगी और हो सकता है कि कोई अपने परिजन को ही खो दें।