*

   *राजगढ़ 01 जनवरी, 2026* 

    राजगढ़ जिले के श्री बनवारी दांगी ने आईटीआई (फिटर ट्रेड) सत्र 2023–25 में राजगढ़ जिले से अपनी पढ़ाई पूरी की और आज वे प्रतिष्ठित कंपनी मारुति सुजुकी मानेसर में कार्यरत हैं।

    श्री बनवारी बताते हैं कि उन्हें आईटीआई के बारे में जानकारी प्रचार-प्रसार वाहन के माध्यम से मिली। प्रचार वाहन पर मौजूद एक शिक्षक ने उन्हें आईटीआई से संबंधित पर्चा दिया। शुरुआत में उन्हें यह शंका थी कि आईटीआई में कौन-सा ट्रेड उनके लिए उपयुक्त रहेगा। इस शंका को दूर करने के लिए उनके पिता ने एक शिक्षक से चर्चा की, जिन्होंने उन्हें विभिन्न ट्रेडों के बारे में विस्तार से समझाया। मार्गदर्शन मिलने के बाद बनवारी को फिटर ट्रेड पसंद आया और उन्होंने इसी ट्रेड में आईटीआई में प्रवेश लिया।

      श्री बनवारी बताते हैं कि आईटीआई ने उन्हें केवल तकनीकी ज्ञान ही नहीं दिया, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ाया। यहां उन्होंने प्रैक्टिकल ट्रेनिंग, वर्कशॉप का अनुभव और उद्योग में काम करने के व्यावहारिक तरीके सीखे। उन्होंने सफलतापूर्वक आईटीआई उत्तीर्ण की। आईटीआई की बदौलत ही श्री बनवारी को दिसंबर 2025 में मारुति सुजुकी, मानेसर में कैंपस प्लेसमेंट का अवसर मिला। 

    इसके लिए वे भोपाल इंटरव्यू देने गए, जहाँ उन्होंने ऑनलाइन परीक्षा और इंटरव्यू दोनों सफलतापूर्वक पास किए और उनका चयन हुआ। वर्तमान में वे मारुति सुजुकी कंपनी में कार्यरत हैं और उनकी मासिक आय 34 हजार रुपए है।