जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यार्ड री-माडलिंग का कार्य प्लेटफार्म नंबर दो पर नारियल फोड़कर शुरू किया गया। 72 दिन तक 297 ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। प्लेटफार्म नंबर दो पर ट्रेनों का संचालन रोका गया है। यार्ड री-माडलिंग के कार्य के पहले दिन जनशताब्दी, पलवल शटल, सवाई माधोपुर शटल का संचालन रद करना पड़ा।

ट्रेनों काे बदले मार्ग से चलाया गया

झेलम, सचखंड, उत्कल और पाताल कोट सहित 11 ट्रेनों काे बदले मार्ग से चलाया गया। यह ट्रेन अलीगढ़ मार्ग से संचालित की गईं। यह कार्य छह फरवरी तक चलेगा। 72 दिन तक 297 ट्रेनों का संचालन अलग-अलग तारीखों में प्रभावित रहेगा। जंक्शन रेलवे स्टेशन के सभी ट्रैकों को जोड़ा जाएगा। रेल संचालन कम प्रभावित हो, इसके लिए रेलवे प्रशासन ने तैयारियां की थीं।

प्लेटफार्म दो पर दिल्ली की तरफ ट्रैक को उखाड़ने से कार्य आरंभ हुआ। इंजीनियरिंग विभाग ने विधि विधान से पूजन किया और ट्रैक पर नारियल फोड़ा। प्रसाद वितरित किया गया। यार्ड री-माडलिंग के तहत ओएचई का कार्य पहले ही शुरू किया जा चुका है। सुबह 10 से शाम छह बजे के बीच ट्रेनें जंक्शन नहीं पहुंचेंगी। इन ट्रेनों को बदले हुए मार्ग से चलाया जाएगा।