आगरा । बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती 17 नवम्बर को राजस्थान में विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभाओं को सम्बोधित करेंगी। राजस्थान जाने से पूर्व बसपा सुप्रीमो आगरा में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी करेंगी। प्राप्त विवरण के मुताबिक शुक्रवार को बसपा सुप्रीमो मायावती आगरा पहुंचेंगी। यहां वह खेरिया एयरपोर्ट पर उतरेंगी। पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उनके स्वागत के लिए पहुंचेंगे। इसके बाद वह बैठक करेंगी। इसमें पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगी। यहां बैठक करने के बाद वह राजस्थान चुनाव प्रचार के लिए निकल जाएंगी। राजस्थान में धौलपुर और भरतपुर में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगी। दोपहर 12.45 बजे धौलपुर और दोपहर तीन बजे भरतपुर पहुंचेंगी। ज्ञात हो कि आगरा से भरतपुर व धौलपुर के 50 से अधिक गांवों की सीमाएं जुड़ीं हैं। आगरा के कई बसपा नेता राजस्थान चुनाव में विधानसभा क्षेत्रों के चुनाव प्रबंधन में शामिल हैं। वहां पर 25 नवंबर को राजस्थान में 200 सीटों के लिए मतदान होगा।