ब्रेकिंग
♦ राजगढ़ के युवाओं को सिविल सेवा के लिए तैयार करने प्रशासन की पहल, प्रधानमंत्री कॉलेज में दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम* ♦ सुरक्षित बचपन अभियान अंतर्गत सांदीपनी विद्यालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित* ♦ राजगढ़ बनेगा लहसुन का हब, 7 जिलों की खेती और बाजार को मिलेगा नया प्लेटफॉर्म* ♦ शासकीय सेवकों का 30-40 वर्ष का योगदान समाज और प्रशासन की महत्वपूर्ण धरोहर* – *कलेक्टर डॉ. मिश्रा* ♦ नई दिल्ली में राष्ट्रीय शिक्षा महाकुंभ 2026 में डॉ. नयन प्रकाश गांधी सम्मानित, मिला बेस्ट एकेडमिक रिसर्चर एवं पब्लिक पॉलिसी एक्सपर्ट अवॉर्ड ♦ अमित शाह जी का राष्ट्र संकल्प और डॉ. चिन्मय पण्ड्या जी की ऋषि चेतना : गायत्री महामंत्र से विश्वगुरु भारत के नवयुग का शंखनाद
समाचार खोजें
प्रमुख श्रेणियां:
ताज़ा ख़बरें राजनीति मनोरंजन खेल व्यापार देश-दुनिया क्राइम टेक्नोलॉजी

राजगढ़ के युवाओं को सिविल सेवा के लिए तैयार करने प्रशासन की पहल, प्रधानमंत्री कॉलेज में दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम*

इस खबर को ऑडियो में सुनें (Listen News)
शेयर करें:
WhatsApp Share Post
राजगढ़ के युवाओं को सिविल सेवा के लिए तैयार करने प्रशासन की पहल, प्रधानमंत्री कॉलेज में दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम*



 *


 *UPSC और MPPSC की तैयारी के लिए विशेषज्ञों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने साझा किए सफलता के सूत्र* 


 *जिले की प्रतिभाओं को मिलेगा पंख, सिविल सेवा के सपनों को साकार करने प्रशासन बना मार्गदर्शक* 


 *कलेक्टर डॉ. मिश्रा 04 नवंबर को विद्यार्थियों से करेंगे संवाद, सिविल सर्विसेज सोसायटी के माध्यम से मिलेगा नियमित मार्गदर्शन* 


 *राजगढ़ 03 नवंबर, 2026*


    राजगढ़ जिले के प्रतिभाशाली युवाओं को सिविल सेवाओं के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु बेहतर अवसर एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी उद्देश्य से प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजगढ़ में दो दिवसीय सिविल सेवा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। सिविल सर्विसेज सोसायटी के तत्वावधान में स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों को UPSC एवं MPPSC जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं की तैयारी के लिए विषय विशेषज्ञों और प्रशासनिक अधिकारियों का मार्गदर्शन मिल रहा है।


     कार्यक्रम के प्रथम दिवस 03 नवंबर को विशेषज्ञों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को परीक्षा की रणनीति, अध्ययन पद्धति, समय प्रबंधन और प्रशासनिक सेवाओं में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दूसरे दिन 04 नवंबर को कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। वे अपने प्रशासनिक अनुभवों को साझा करते हुए युवाओं को सिविल सेवाओं में आने तथा समाज और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेंगे।


 *प्रशासनिक अधिकारियों ने बताए सफलता के सूत्र* 


    प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री के.एल. बंजारे द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले ने विद्यार्थियों के लिए विशेष काउंसलिंग सत्र आयोजित किया। उन्होंने लक्ष्य निर्धारण, अध्ययन की रणनीति, अनुशासन, समय प्रबंधन और निरंतर परिश्रम के महत्व को समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानकर स्पष्ट लक्ष्य के साथ योजनाबद्ध तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।


     भोपाल से आमंत्रित विषय विशेषज्ञ श्री गोविन्द पाण्डेय, कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी, केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क विभाग, भारत सरकार ने MPPSC परीक्षा की तैयारी के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने परीक्षा के विभिन्न चरणों, पाठ्यक्रम, परीक्षा पैटर्न, उपयोगी पुस्तकों एवं अध्ययन सामग्री के चयन तथा महाविद्यालयीन अध्ययन के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में संतुलन स्थापित करने के व्यावहारिक तरीके बताए।


     इसी क्रम में श्री हितेश बांगरे, पीएच.डी. स्कॉलर एवं डायरेक्टर, तिरुपति IAS/PSC क्लासेस, भोपाल ने UPSC परीक्षा की तैयारी पर विशेष प्रशिक्षण दिया। उन्होंने प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा एवं साक्षात्कार की प्रक्रिया, अध्ययन योजना और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री के चयन की जानकारी दी। साथ ही IAS, IPS, IFS एवं IRS सहित विभिन्न केंद्रीय प्रशासनिक सेवाओं में उपलब्ध अवसरों से अवगत कराते हुए नियमित अध्ययन, अभ्यास, आत्ममूल्यांकन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण को सफलता का आधार बताया।


     संयुक्त कलेक्टर श्रीमती सोनल जैन एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री सुशील कुमार ने भी विद्यार्थियों के साथ अपने प्रशासनिक अनुभव, संघर्ष और सफलता की यात्रा साझा की। उन्होंने प्रशासनिक सेवाओं की चुनौतियों, जिम्मेदारियों और समाज के प्रति अधिकारियों के दायित्वों को समझाया। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, आत्मविश्वास बनाए रखने और पूरी लगन एवं सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य प्राप्ति के लिए प्रयास करने का संदेश दिया।


 *सिविल सर्विसेज सोसायटी अब विद्यार्थियों को मिलेगा निरंतर मार्गदर्शन* 


     महाविद्यालय में सिविल सेवा मार्गदर्शन केंद्र की स्थापना की पहल विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वी.बी. खरे द्वारा पदभार ग्रहण करने के बाद से ही शैक्षणिक एवं संस्थागत विकास के साथ विद्यार्थियों को नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस पहल को आगे बढ़ाने में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है।


     इसी क्रम में महाविद्यालय में सिविल सर्विसेज सोसायटी  राजगढ़ का गठन किया गया है। सोसायटी के माध्यम से विद्यार्थियों को UPSC, MPPSC एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए नियमित मार्गदर्शन, विषय विशेषज्ञों के व्याख्यान, प्रशासनिक अधिकारियों से संवाद, काउंसलिंग, अध्ययन सामग्री एवं परीक्षा संबंधी प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा।


     इस पहल का उद्देश्य राजगढ़ जिले के युवाओं को सिविल सेवाओं के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने के साथ उन्हें इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराना है। प्रशासनिक अधिकारियों से सीधे संवाद के माध्यम से विद्यार्थी न केवल परीक्षा की तैयारी की बारीकियां समझ सकेंगे, बल्कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली, नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से भी परिचित होंगे।


       जिला प्रशासन एवं महाविद्यालय की यह संयुक्त पहल विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए उपयोगी साबित होगी, जिन्हें सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी के लिए अब तक बड़े शहरों में उपलब्ध मार्गदर्शन एवं संसाधनों पर निर्भर रहना पड़ता था। अब उन्हें अपने ही जिले में विशेषज्ञों और अनुभवी प्रशासनिक अधिकारियों से मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।