थाना कोतवाली राजगढ़ पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई
शासकीय कार्य में बाधा एवं मोबाइल लूट की घटना में शामिल 05 आरोपी गिरफ्तार
साइबर तकनीकी सहायता एवं मजबूत रणनीति से आरोपियों की गिरफ्तारी
पुलिस टीम पर पथराव करने वाले आरोपियों को भी किया गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल
राजगढ़ जिले में अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई हेतु पुलिस अधीक्षक राजगढ़ श्री अमित तोलानी (भा.पु.से.) द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है।
उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजगढ़ श्री के.एल. बंजारे के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राजगढ़ श्री अरविंद सिंह राठौर के निर्देशन में थाना प्रभारी कोतवाली राजगढ़ निरीक्षक मंजू मखेनिया के नेतृत्व में थाना कोतवाली राजगढ़ पुलिस द्वारा शासकीय कार्य में बाधा, पुलिसकर्मी से मारपीट, मोबाइल लूट एवं पुलिस टीम पर पथराव करने की घटना में शामिल सभी 05 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
घटना का विवरण
पहली घटना – डायल-112 पुलिसकर्मी से मारपीट एवं मोबाइल लूट
दिनांक 17.09.2026 को रात्रि करीब 08:30 बजे थाना खुजनेर की एफआरव्ही डायल-112 पर एक इवेंट प्राप्त हुआ। इवेंट में फरियादिया मंजू पति राकेश वर्मा, निवासी ग्राम घोड़ाखेड़ा द्वारा बताया गया कि उसके ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट कर रहे हैं।
सूचना प्राप्त होने पर डायल-112 में तैनात पुलिसकर्मी शासकीय ड्यूटी पर मौके पर पहुंचे। मौके पर फरियादिया के ससुराल पक्ष के आरोपीगण द्वारा पुलिसकर्मी के साथ अभद्रता एवं अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई।
आरोपीगण द्वारा पुलिसकर्मी को जान से मारने की धमकी दी गई तथा उसके शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए ड्यूटी करने से रोका गया। इसी दौरान आरोपीगण द्वारा पुलिसकर्मी का मोबाइल फोन भी लूट लिया गया तथा अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
घटना के संबंध में थाना खुजनेर में—
- अपराध क्रमांक 185/2026, धारा 85, 115(2), 296(बी), 351(3), 3(5) बीएनएस
- अपराध क्रमांक 186/2026, धारा 221, 132, 115(2), 296(बी), 324(2), 309(4), 351(3), 191(2), 191(3), 190 बीएनएस
के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
दूसरी घटना – पुलिस टीम पर पथराव
घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष पुलिस टीम गठित कर तत्काल रवाना की गई। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों का पीछा करते हुए थाना कोतवाली राजगढ़ क्षेत्र के ग्राम खैरासी तक पहुंचकर आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
इसी दौरान आरोपियों द्वारा गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से पुलिस टीम पर पत्थरों से हमला एवं पथराव किया गया। पथराव की घटना में कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें भी आईं। आरोपियों द्वारा पुलिस टीम के शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की गई तथा पुलिसकर्मियों को चोट पहुंचाने का प्रयास किया गया।
विपरीत परिस्थितियों के बावजूद पुलिस टीम द्वारा संयम एवं साहस का परिचय देते हुए आरोपियों का पीछा जारी रखा गया। पुलिस टीम ने उपलब्ध तकनीकी एवं साइबर संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए आरोपियों की गतिविधियों एवं संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई तथा योजनाबद्ध तरीके से ग्राम खैरासी में दबिश दी।
पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई एवं मजबूत रणनीति के परिणामस्वरूप ग्राम खैरासी से पांचों आरोपियों को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया गया।
उक्त घटना के संबंध में थाना कोतवाली राजगढ़ में अपराध क्रमांक 699/2026, धारा 132, 190, 191(2), 121(1) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
गिरफ्तार आरोपीगण
1. राकेश पिता विजय सिंह वर्मा
2. महेन्द्र उर्फ विनोद पिता विजय सिंह वर्मा
3. विजय सिंह पिता प्रेमनारायण वर्मा
4. कांताबाई पति विजय सिंह वर्मा
5. प्रियंका पिता विजय सिंह वर्मा
सभी निवासी ग्राम घोड़ाखेड़ा, थाना खुजनेर, जिला राजगढ़ (म.प्र.)
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में—
थाना कोतवाली राजगढ़ से
- निरीक्षक मंजू मखेनिया, थाना प्रभारी कोतवाली राजगढ़
- प्रआर 403 पुरुषोत्तम भील
- आरक्षक 444 श्याम रघुवंशी
थाना खुजनेर से
- निरीक्षक रवि ठाकुर, थाना प्रभारी खुजनेर
- सउनि घीसालाल यादव
- प्रआर 368 विनोद
- प्रआर 710 पंकज चौखटिया
- प्रआर 718 बहादुर मीणा
एसपी कार्यालय से
- सउनि शादाब खान
- आरक्षक 520 ललित तोमर
की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
राजगढ़ पुलिस द्वारा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने, पुलिसकर्मियों पर हमला करने एवं लूट जैसे गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध सख्त एवं त्वरित कार्रवाई लगातार जारी है।
📱 राजगढ़ पुलिस सोशल मीडिया