उकावत में शांतिधाम के सौंदर्यीकरण की संभागायुक्त ने की सराहना, कलेक्टर बोले- हर पंचायत में बने ऐसा मॉडल
गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले अंतर्गत बमोरी विकासखंड की ग्राम पंचायत उकावत में शांतिधाम परिसर के सौंदर्यीकरण और कायाकल्प कार्य की प्रशासनिक स्तर पर सराहना की गई है। ग्वालियर संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने उकावत पहुंचकर शांतिधाम का स्थलीय अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने बाउंड्रीवाल के आसपास उपलब्ध रिक्त स्थान पर की गई सुंदर बागवानी और व्यवस्थित साज-सज्जा को देखकर पंचायत प्रशासन के प्रयासों की प्रशंसा की।
परिसर को मेंटेन रखने और बैठक व्यवस्था के निर्देश
संभागायुक्त मनोज खत्री ने निरीक्षण के दौरान निर्देशित किया कि परिसर की स्वच्छता और सुंदरता को भविष्य में भी निरंतर मेंटेन रखा जाए। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों और अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में बैठने की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं छायादार बनाने का महत्वपूर्ण सुझाव दिया।
हर पंचायत में लागू हो ऐसा मॉडल: कलेक्टर
दौरे पर मौजूद कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि ग्राम पंचायतों को अपने स्थानीय संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करते हुए सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ, सुंदर एवं उपयोगी बनाना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि उकावत पंचायत की यह पहल अन्य पंचायतों के लिए एक प्रेरणादायी मॉडल है, जिसे पूरे जिले में लागू किया जाना चाहिए। इस अवसर पर बमोरी एसडीएम शिवानी पांडे, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।