पीएम मोदी के जन्मोत्सव पर 'आंगन मिलन' कार्यक्रम आयोजित, बच्चों के साथ सुना 'मन की बात' का 138वां एपिसोड
दरगाह कमेटी के पूर्व सदर मोहम्मद शफीक खान की अगुवाई में आंगनवाड़ी केंद्र द्वितीय (13/2) में मना उत्साह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में राजगढ़ शहर की आंगनवाड़ियों में आयोजित किए जा रहे 'आंगन मिलन' कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत आंगनवाड़ी केंद्र (13/2) में एक विशेष कार्यक्रम संपन्न हुआ। 'आंगन मिलन' कार्यक्रम के शहर प्रभारी एवं दरगाह कमेटी के पूर्व सदर मोहम्मद शफीक खान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ मिलकर पीएम मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का 138वां एपिसोड सुना।
कार्यक्रम की शुरुआत में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं उनकी सहयोगियों द्वारा अतिथियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इसके पश्चात 03 से 06 वर्ष तक के मासूम बच्चों के बीच पहुंचकर सभी ने बेहद आनंद और उत्साह का अनुभव किया। इस अवसर पर अतिथियों ने बच्चों से बातचीत की, उनसे सवाल-जवाब किए और उन्हें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन व उनके कार्यों के बारे में सरल एवं रोचक जानकारियां दीं। बच्चों ने भी बड़े उत्साह के साथ जवाब दिए और अपनी बातें साझा कीं।
इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता विनीता नामदेव ने कहा, "प्रधानमंत्री जी के 'मन की बात' कार्यक्रम से बच्चों में संस्कार और अच्छी बातें सीखने की प्रेरणा मिलती है। आंगनवाड़ी केंद्रों में इस तरह के आयोजन से बच्चों का बौद्धिक विकास होता है और वे देश के नेतृत्व के बारे में सहज रूप से समझ पाते हैं।"
बच्चों के बीच खुशियां बांटते हुए उन्हें चिप्स, बिस्किट और टॉफियां बांटी गईं, जिन्हें पाकर मासूमों के चेहरे खिल उठे।
इस विशेष आयोजन में बूथ क्रमांक 118 के अध्यक्ष टिल्लू डागा, मंडल महामंत्री प्रांजल खुजनेरी, मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील मेवाड़े, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता विनीता नामदेव तथा सहायिका शीला वर्मा एवं महताब बाई वर्मा मौजूद रहीं। सभी ने मिलकर बच्चों के साथ खुशियों का इजहार किया और कार्यक्रम को सफल बनाया।