खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने खिलचीपुर में होटल, रेस्टोरेंट एवं डेयरी का किया निरीक्षण*
*
*दूध, घी, मावा, मावा बर्फी एवं सेव पापड़ी के नमूने जांच हेतु लिए गए*
*राजगढ़ 23 अक्टूबर, 2026*
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्यवाही निरंतर की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री एस.एस. खत्री द्वारा खिलचीपुर स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थावरिया बाजार, खिलचीपुर स्थित देव नारायण डेयरी से दूध एवं घी के नमूने लिए गए। वहीं, बस स्टैंड खिलचीपुर स्थित जय श्री महाकाल रेस्टोरेंट से मावा, मावा बर्फी एवं सेव पापड़ी के अलग- अलग नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।
संग्रहित नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में जांच हेतु भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच प्रतिवेदन के आधार पर संबंधित खाद्य प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, खाद्य अनुज्ञप्ति तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्यवाही नियमित रूप से जारी रखी जाएगी।