विद्यार्थियों ने नवाचार, तकनीकी ज्ञान एवं रचनात्मकता से जुड़ी प्रतियोगिताओं में लिया उत्साहपूर्वक भाग*
*राष्ट्रीय अभियंता दिवस पर शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में विविध गतिविधियों का हुआ आयोजन*
*
*राजगढ़ 15 सितम्बर, 2026*
शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, राजगढ़ में राष्ट्रीय अभियंता दिवस के अवसर पर विविध शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (एमपीसीएसटी), भोपाल द्वारा प्रायोजित एवं संचालित था। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में तकनीकी ज्ञान, नवाचार, रचनात्मकता, उद्यमिता एवं समस्या समाधान की क्षमता को विकसित करना रहा। कार्यक्रम में श्री विकास राजोरिया, अधीक्षण अभियंता, जल संसाधन विभाग एवं परियोजना तथा प्रशासक, मोहनपुरा-कुंडालिया बांध सिंचाई परियोजना, मोहनपुरा, राजगढ़ ने विद्यार्थियों को मोहनपुरा डैम परियोजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने परियोजना की आवश्यकता, निर्माण, जल प्रबंधन, सिंचाई व्यवस्था तथा क्षेत्र के विकास में इसकी भूमिका के बारे में विद्यार्थियों को विस्तार से अवगत कराया।वहीं डॉ. अजय कुमार चौबे, स्टार्टअप मार्गदर्शक–स्टार्टअप इंडिया एवं नवाचार समन्वयक–इग्नू-एनसीआईडीई ने विद्यार्थियों को स्टार्टअप एवं उद्यमिता के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने स्टार्टअप शुरू करने की प्रक्रिया, नवाचार आधारित व्यवसायिक विचारों, उपलब्ध अवसरों तथा विद्यार्थियों के लिए उद्यमिता के क्षेत्र में संभावनाओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा “विचारों से नवाचार तक” विषय पर मौखिक पीपीटी/रचनात्मक रील प्रस्तुति, “बेहतर भविष्य के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और इंजीनियरिंग” विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता, मॉडल प्रस्तुतीकरण तथा वाद-विवाद प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक सहभागिता की गई।
महाविद्यालय के प्राचार्य श्री राजू जैतवार ने राष्ट्रीय अभियंता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इंजीनियरिंग केवल तकनीकी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि नवाचार और रचनात्मक सोच के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र की समस्याओं का समाधान करने का माध्यम है। विद्यार्थियों को अपने तकनीकी ज्ञान का उपयोग नए विचारों एवं नवाचारों को विकसित करने में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को उद्योग, नवाचार और उद्यमिता से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती नेहा पाण्डेय द्वारा किया गया।