जनविश्वास शिविर में गंभीर बीमारी से पीड़ित महिला ने लगाई मदद की गुहार, उपचार के लिए भोपाल रेफर*
*‘’मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान’’*
*
*राजगढ़ 30 अक्टूबर, 2026*
जरूरतमंद एवं पात्र लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा उनकी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करने के उद्देश्य से शुक्रवार को राजगढ़ के मंगल भवन में जनविश्वास शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रही 18 वर्षीय अनिता निवासी काशी भी अपनी समस्या लेकर पहुंची और उपचार के लिए मदद की गुहार लगाई। अनिता की समस्या सुनने के बाद कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उसके उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश अस्पताल प्रबंधन को दिए। जानकारी के अनुसार अनिता लंबे समय से बीमारी से परेशान है तथा उसकी दोनों किडनियां खराब हो चुकी हैं। आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बीच वह बेहतर उपचार की उम्मीद लेकर जनविश्वास शिविर में पहुंची थी।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा के निर्देश के बाद अस्पताल प्रबंधन द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए अनिता को शिविर से जिला अस्पताल लाया गया। यहां चिकित्सकों द्वारा उसकी स्वास्थ्य स्थिति का परीक्षण कर उपचार संबंधी आवश्यक परामर्श दिया गया। चिकित्सकीय परामर्श के बाद बेहतर उपचार की आवश्यकता को देखते हुए अनिता को हमीदिया अस्पताल, भोपाल रेफर किया गया है, जहां उसका निशुल्क उपचार किया जाएगा। जनविश्वास शिविर के माध्यम से गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रही अनिता को उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की गई, जिससे उसे बेहतर उपचार की उम्मीद मिली है।