राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन*
*ब्यावरा में भोपाल संभागीय स्तरीय एक दिवसीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता का समापन, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, कहा—खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध*
*राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को किया सम्मानित*
*राजगढ़ 10 सितम्बर, 2026*
ब्यावरा में आयोजित भोपाल संभागीय स्तरीय एक दिवसीय शालेय कबड्डी प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों ने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता का शुभारंभ कराया। प्रतियोगिता में भोपाल संभाग के विभिन्न जिलों से आई टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे जोश, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 14 वर्ष एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबलों में रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
*राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन*
समापन समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम है।प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में खेल प्रतिभाओं को बेहतर मंच, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि गांवों और छोटे शहरों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना सरकार की प्राथमिकता है। हमारे युवा खिलाड़ी अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर प्रदेश और देश का नाम रोशन करें, इसके लिए उन्हें हरसंभव प्रोत्साहन और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही उन्होंने सभी खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन मैदान पर पूरी निष्ठा, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करना ही सच्ची सफलता है।
*फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम*
मिनी 14 वर्ष बालक वर्ग
में विदिशा ने राजगढ़ को पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि राजगढ़ की टीम उपविजेता रही। मिनी 14 वर्ष बालिका वर्ग में सीहोर ने राजगढ़ को हराकर विजेता का खिताब जीता, जबकि राजगढ़ उपविजेता रही। इसी प्रकार सीनियर 19 वर्ष बालिका वर्ग में विदिशा ने रायसेन को पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि रायसेन की टीम उपविजेता रही।प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय मंच पर भोपाल संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।भोपाल संभाग के सभी जिलों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया।