नमकीन निर्माण में उपयोग हो रहा 20 किलो जला तेल नष्ट कराया*
*नरसिंहगढ़ में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण*
*
*राजगढ़ 14 अक्टूबर, 2026*
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं खाद्य पदार्थों के नमूना संग्रहण की कार्यवाही निरंतर जारी है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री एस.एस. खत्री द्वारा बुधवार को शाजापुर वाला चौराहा, नरसिंहगढ़ स्थित सांवलिया स्वीट्स एवं अयोध्या डेयरी एंड स्वीट्स का निरीक्षण किया गया। इस दौरान सांवलिया स्वीट्स से लौंग सेव एवं मावा रोल तथा अयोध्या डेयरी एंड स्वीट्स से मावा एवं अन्य मिठाइयों के नमूने जांच के लिए लिए गए। सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जाएंगे।
के दौरान सांवलिया स्वीट्स में सेव नमकीन का निर्माण किया जा रहा था। यहां कढ़ाई में कॉटन सीड ऑयल का जला हुआ तेल उपयोग में लिया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा अधिकारी के निर्देश पर मौके पर ही लगभग 20 किलोग्राम जला हुआ तेल, जिसकी अनुमानित कीमत 4 हजार रुपये है, नष्ट कराया गया। इसी तेल से निर्मित लौंग सेव नमकीन का नमूना भी जांच के लिए लिया गया है। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, खाद्य अनुज्ञप्ति तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने संबंधित संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्यवाही आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी।