सफलता की कहानी’’* *राजगढ़ के ब्यावरा से देशभर तक पहचान बनाने की ओर अग्रसर ‘अनाजू’*
्
*’
*प्राकृतिक खाद्य उत्पादों के माध्यम से स्वास्थ्य, गुणवत्ता और विश्वास को बढ़ावा देने की पहल*
*महिला सशक्तीकरण, स्थानीय रोजगार और किसानों के सहयोग की दिशा में बढ़ते कदम*
*राजगढ़ 14 अक्टूबर, 2026*
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने, गुणवत्तापूर्ण खाद्य उत्पादों को आमजन तक पहुँचाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में राजगढ़ जिले के ब्यावरा से संचालित ‘अनाजू’ एक सकारात्मक पहल के रूप में आगे बढ़ रहा है। ‘फ्रेश फोर्म फिल्डस टू फैमली’ अर्थात खेतों से परिवार तक ताजगी और विश्वास पहुँचाने के ध्येय के साथ यह उद्यम प्राकृतिक खाद्य उत्पादों, गुणवत्ता और पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए अपनी पहचान स्थापित करने की दिशा में प्रयासरत है।
*दो उद्यमियों की पहल से शुरू हुआ सफर*
अनाजू प्रोडक्ट्स एलएलपी की स्थापना श्री शौर्य गुप्ता और श्री कोपल गुप्ता ने 14 जनवरी, 2026 को की। इसके बाद मार्च 2026 से ब्यावरा, जिला राजगढ़ में नियमित रूप से कार्य संचालन प्रारंभ किया गया। उद्यम का उद्देश्य लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा प्राकृतिक खाद्य उत्पादों के माध्यम से उनके दैनिक जीवन को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित करना है। कंपनी किसानों और विश्वसनीय आपूर्तिकर्ताओं से खाद्य उत्पाद प्राप्त करती है। ग्राहकों तक उत्पाद पहुँचाने से पहले गुणवत्ता की कई स्तरों पर जाँच की जाती है। कंपनी का मूल सिद्धांत है कि जो उत्पाद स्वयं के परिवार के लिए उपयुक्त न हो, उसे दूसरे परिवारों तक भी नहीं पहुँचाया जाना चाहिए। इसी सोच के साथ अनाजू गुणवत्ता, विश्वास और पारदर्शिता को अपने कार्यों का आधार बना रहा है।
*लगभग 120 उत्पादों की विस्तृत श्रृंखला*
अनाजू के उत्पाद समूह में वर्तमान में लगभग 120 प्रकार के उत्पाद शामिल हैं। इनमें अनाज, दालें, आटा, मसाले, बीज, सूखे मेवे सहित अन्य खाद्य उत्पाद सम्मिलित हैं। स्थानीय स्तर से शुरुआत करते हुए कंपनी ने अपनी वेबसाइट anaajoo.com और फ्लिपकार्ट के माध्यम से बिक्री प्रारंभ की है। इसके साथ ही अमेजन पर भी अपनी उपस्थिति बनाई है। इस प्रकार ब्यावरा से शुरू हुआ यह उद्यम डिजिटल माध्यमों के जरिए अधिकाधिक ग्राहकों तक पहुँचने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
*25 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार, 19 महिलाओं को मिला अवसर*
अनाजू स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में भी योगदान दे रहा है। कंपनी द्वारा अब तक 25 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार प्रदान किया गया है। इनमें 19 महिलाएँ शामिल हैं, जिन्हें उत्पादों की छँटाई और सफाई जैसे कार्यों में मजदूरी के आधार पर रोजगार मिला है। इसके अतिरिक्त, कंपनी की गतिविधियों से अनेक लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से भी रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं। स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की यह पहल महिलाओं की आर्थिक भागीदारी को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ क्षेत्र में उद्यमिता के विकास की संभावनाओं को भी बल देती है।
*स्टार्टअप एक्सीलरेट, कोल्हापुर के 10 चयनित स्टार्टअप में स्थान*
के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि स्टार्टअप एक्सीलरेट, कोल्हापुर के 10 चयनित स्टार्टअप में शामिल होना है। यह उपलब्धि उद्यम की आगे बढ़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। कंपनी स्थानीय स्तर पर अपनी शुरुआत के बाद अब उत्पादों की पहुँच बढ़ाने, गुणवत्ता पर ध्यान केंद्रित करने और आधुनिक तकनीक के उपयोग से अपने कार्यों को आगे बढ़ाने की दिशा में प्रयास कर रही है।
*‘अनाजू एआई’ से ग्राहकों को मिलेगी व्यक्तिगत आहार संबंधी सहायता*
भविष्य की योजनाओं के तहत कंपनी ‘Anaajoo AI’ विकसित करने की दिशा में कार्य करना चाहती है। इसका उद्देश्य ग्राहकों की आहार संबंधी आवश्यकताओं, पसंद और लक्ष्यों के अनुरूप खाद्य योजनाएँ तैयार करने तथा अनाजू के उपयुक्त उत्पादों के सुझाव उपलब्ध कराने में सहायता करना है। इसके साथ ही कंपनी क्यूआर कोड आधारित ट्रेसेबिलिटी व्यवस्था शुरू करने की योजना बना रही है। इसके माध्यम से ग्राहक उत्पाद के स्रोत, प्रसंस्करण और गुणवत्ता जाँच से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके द्वारा उपयोग किए जाने वाले खाद्य उत्पादों के बारे में अधिक जानकारी उपलब्ध कराना तथा खाद्य उत्पादों की आपूर्ति प्रक्रिया में पारदर्शिता को बढ़ावा देना है।
*किसानों के सहयोग से स्थानीय ब्रांड को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का लक्ष्य*
अनाजू का आगामी लक्ष्य स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना, किसानों को सहयोग देना तथा खाद्य प्रसंस्करण और पैकेजिंग की क्षमता विकसित करना है। कंपनी अपने उत्पादों की पहुँच का विस्तार करते हुए राजगढ़ जिले के इस ब्रांड को देशभर के ग्राहकों तक पहुँचाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहती है। ब्यावरा से शुरू हुई अनाजू की यह पहल स्थानीय उद्यमिता, महिला रोजगार, खाद्य गुणवत्ता और तकनीक आधारित नवाचार के समन्वय का उदाहरण प्रस्तुत करती है। प्राकृतिक खाद्य उत्पादों के माध्यम से ग्राहकों का विश्वास अर्जित करने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने का प्रयास इस उद्यम की प्रमुख विशेषता है। आने वाले समय में कंपनी की विस्तार योजनाएँ राजगढ़ जिले के स्थानीय उद्यम को व्यापक बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।