ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद हो, किसानों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिले : प्रियव्रत सिंह
*राजगढ़।* राजगढ़ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी राजगढ़ द्वारा महामहिम राज्यपाल, मध्यप्रदेश शासन के नाम जिला प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि मध्यप्रदेश सहित पूरे देश की अर्थव्यवस्था का एक बड़ा हिस्सा कृषि एवं कृषि आधारित उद्योगों पर निर्भर है। ऐसे में किसानों को फसलों की बुवाई, सिंचाई एवं उत्पादन के लिए समय पर पर्याप्त बिजली उपलब्ध होना अत्यंत आवश्यक है। लेकिन वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती के कारण किसान, व्यापारी, विद्यार्थी एवं आम नागरिक परेशान हैं।
कांग्रेस कमेटी ने कहा कि रबी फसलों की बुवाई के महत्वपूर्ण समय में किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। वहीं नवरात्रि जैसे पावन पर्व पर भी बिजली कटौती के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन प्रभावित हो रहे हैं। यह स्थिति ग्रामीण जनता के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन रही है।
**ज्ञापन के माध्यम से प्रमुख मांगें रखी गईं—**
1. राजगढ़ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में हो रही अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए।
2. किसानों को सिंचाई एवं कृषि कार्यों के लिए निर्धारित समय पर पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जाए।
3. ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
4. बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों की समस्याओं का जिला स्तर पर तत्काल समाधान किया जाए।
5. विद्युत संबंधी समस्याओं को लेकर शांतिपूर्ण विरोध एवं अपनी आवाज उठाने वाले नागरिकों के साथ न्यायपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि जिले में बिजली की समस्या का समाधान करने के बजाय ग्रामीणों में लगातार आक्रोश बढ़ रहा है। किसानों एवं ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका निराकरण करना प्रशासन एवं विद्युत विभाग की जिम्मेदारी है।
**जिला कांग्रेस कमेटी राजगढ़ ने मांग की कि प्रदेश सरकार एवं संबंधित विभाग तत्काल हस्तक्षेप कर ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था में सुधार करें, ताकि किसानों को राहत मिले और आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।**
**जारीकर्ता:**
मीडिया विभाग
जिला कांग्रेस कमेटी, राजगढ़ (मध्यप्रदेश)