जले हुए तेल, बासी सब्जी एवं खराब गोभी का कराया गया विनष्टीकरण*
*खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए*
*
*राजगढ़
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की कार्यवाही निरंतर की जा रही है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री एस.एस. खत्री द्वारा राजगढ़ शहर के विभिन्न होटल एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा होटल श्री लीला पैलेस, राजगढ़ से टोमाटो ग्रेवी एवं पनीर के नमूने जांच हेतु लिए गए। निरीक्षण के दौरान लगभग 3 किलोग्राम जला हुआ सोयाबीन तेल तथा बासी रखी हुई तुवर दाल की सब्जी का विनष्टीकरण कराया गया। इसी प्रकार होटल शुभम मिडवे ट्रीट से ग्रेवी एवं पनीर के नमूने जांच हेतु लिए गए। साथ ही खराब पाई गई गोभी का भी विनष्टीकरण कराया गया। समायरा रेस्टोरेंट, होटल संस्कृति पैलेस परिसर, राजगढ़ से पनीर मसाला एवं स्टीम राइस के नमूने लिए गए।खाद्य प्रतिष्ठानों से लिए गए सभी नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला में जांच हेतु भेजा जाएगा। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, खाद्य अनुज्ञप्ति तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा संबंधित होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के आवश्यक निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्यवाही आगे भी नियमित रूप से जारी रखी जाएगी।