जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध शिकायतों की निष्पक्ष जांच की मांग —
राजगढ़, 30 सितंबर 2026।
जिला कांग्रेस कमेटी राजगढ़ के अध्यक्ष श्री प्रियव्रत सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भारत की महामहिम राष्ट्रपति महोदया के नाम जिला प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली एवं निर्वाचन आयोग से संबंधित उठाए जा रहे सवालों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि भारत का लोकतंत्र निर्वाचन प्रक्रिया की स्वतंत्रता, निष्पक्षता और पारदर्शिता पर आधारित है। संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत निर्वाचन आयोग को चुनावों के संचालन, निर्देशन एवं नियंत्रण की संवैधानिक जिम्मेदारी दी गई है।
जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि वर्तमान मुख्य निर्वाचन आयुक्त की कार्यप्रणाली एवं निर्वाचन आयोग द्वारा लिए जा रहे विभिन्न निर्णयों को लेकर राजनीतिक दलों एवं नागरिकों द्वारा पारदर्शिता, मतदाता सूची, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), निर्वाचन संबंधी आंकड़ों एवं सूचनाओं की उपलब्धता सहित कई मुद्दों पर सवाल उठाए जा रहे हैं। ज्ञापन में मांग की गई कि इन सभी विषयों पर निष्पक्ष तरीके से तथ्यों की जांच कर स्थिति स्पष्ट की जाए।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें
1. मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली एवं निर्वाचन आयोग से संबंधित उठाई गई शिकायतों और प्रश्नों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए।
2. जांच में यदि किसी प्रकार की संवैधानिक, वैधानिक अथवा प्रक्रियागत अनियमितता प्रमाणित होती है तो संबंधित प्रावधानों के अंतर्गत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।
3. यदि मुख्य निर्वाचन आयुक्त के विरुद्ध पद से हटाए जाने योग्य कोई विधि एवं संविधानसम्मत आधार स्थापित होता है, तो संविधान के अनुच्छेद 324(5) में निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की जाए।
4. निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवैधानिक जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
श्री प्रियव्रत सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में निर्वाचन संस्थाओं के प्रति जनता का विश्वास अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े किसी भी सवाल या शिकायत का समाधान पारदर्शी, निष्पक्ष और संवैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया की मजबूती के लिए अपनी आवाज उठाती रहेगी। ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति महोदया से पूरे विषय पर निष्पक्ष संज्ञान लेकर संविधान एवं कानून के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया है।