सीएम हेल्पलाइन की शिकायत पर दो पेट्रोल पंपों की जांच, अनियमितताएं मिलीं*
*
*राजगढ़ 30 सितम्बर, 2026*
सीएम हेल्पलाइन पर पेट्रोल में पानी मिले होने की शिकायत के बाद गत दिवस को सहायक आपूर्ति अधिकारी राजगढ़ श्रीमती हुमा हुजूर, नायब तहसीलदार तथा प्रभारी कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी नरसिंहगढ़ श्रीमती सुनीता देहलवार ने कुरावर स्थित काबरा फ्यूल पेट्रोल पंप का निरीक्षण किया। पंप प्रबंधक श्री हर्ष काबरा की उपस्थिति में स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया तथा पेट्रोल के नमूने लिए गए। जांच के दौरान विस्फोटक अनुज्ञप्ति में संलग्न नक्शे में तीन डिस्पेंसिंग यूनिट प्रदर्शित होने के बावजूद मौके पर दो डिस्पेंसिंग यूनिट पाई गईं। इसके अलावा पीने के पानी के वाटर कूलर में फिल्टर नहीं लगा पाया गया। हवा की मशीन बंद मिली तथा दिव्यांगजनों के लिए टायलेट की व्यवस्था नहीं पाई गई। पंप की फायर एनओसी भी उपलब्ध नहीं मिली।
इसी प्रकार सीएम हेल्पलाइन में अमानक पेट्रोल की शिकायत पर कुरावर स्थित एम.सी.आर. फ्यूल पेट्रोल पंप की भी जांच की गई। पंप प्रबंधक श्री पवन मारन की उपस्थिति में स्टॉक का भौतिक सत्यापन एवं पेट्रोल की सैंपलिंग की गई। जांच में विस्फोटक अनुज्ञप्ति में संलग्न नक्शे, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा द्वारा जारी एनओसी के नक्शे तथा मौके पर स्थापित डिस्पेंसिंग यूनिट की संख्या एवं भूमिगत टैंकों की क्षमता में भिन्नता पाई गई। निरीक्षण के दौरान पीने के पानी के वाटर कूलर एवं आसपास स्वच्छता का अभाव पाया गया। दिव्यांगजनों के लिए टायलेट की व्यवस्था भी नहीं मिली तथा पंप की फायर एनओसी उपलब्ध नहीं पाई गई। अधिकारियों द्वारा लिए गए पेट्रोल के नमूनों को नियमानुसार जांच के लिए भेजा जाएगा तथा जांच में सामने आई अनियमितताओं के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।