पेयजल स्रोतों की सुरक्षा, जल संचय एवं बचत का दिलाया संकल्प, पंप ऑपरेटरों का किया सम्मान*
*सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रामों में हुआ जल अर्पण कार्यक्रम*
*
*राजगढ़ 02 अक्टूबर, 2026*
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर जल जीवन मिशन अंतर्गत एकल नलजल योजनाओं वाले ग्रामों में ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर सेवा संकल्प अभियान के तहत “सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के अंतर्गत ब्यावरा एवं नरसिंहगढ़ विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित कर पेयजल स्रोतों की सुरक्षा एवं स्थायित्व (सस्टेनेबिलिटी) के लिए आवश्यक कार्य किए गए।कार्यक्रम के दौरान सफलतापूर्वक नलजल योजनाओं का संचालन एवं संधारण कर रही ग्राम पंचायतों में पेयजल जागरूकता कलश यात्रा निकाली गई। साथ ही नलजल योजनाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पंप ऑपरेटरों का सम्मान किया गया। ग्राम पंचायतों में गठित पेयजल उप समितियों के सदस्यों को जल संचय एवं जल बचत का संकल्प भी दिलाया गया।
इसी क्रम में सेवा संकल्प अभियान के तहत खेजड़ा महाराजा में जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं नरसिंहगढ़ विकासखंड के खेड़ी, दौलतपुरा एवं बढ़बेली बिहार ग्रामों में भी जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को पेयजल संरक्षण एवं जल के सदुपयोग के प्रति जागरूक किया गया। मुख्य अभियंता श्री एल.एन. मालवीय ने ग्रामों में संचालित नलजल योजनाओं के सफल संचालन एवं संधारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। वहीं भूजल वैज्ञानिक डॉ. रामगोपाल नागर ने भूजल संवर्धन एवं प्रबंधन तथा रिचार्जिंग संरचनाओं के निर्माण के संबंध में ग्राम पंचायतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को पेयजल स्रोतों की सुरक्षा, जल संचय एवं जल की बचत के प्रति जागरूक करते हुए योजनाओं के सतत संचालन में सहभागिता के लिए प्रेरित किया गया।