जिला स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस राजगढ़ विजेता*
*
*राजगढ़ 06 अक्टूबर, 2026*
शासकीय वीर सावरकर महाविद्यालय पचोर में आयोजित जिला स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजगढ़ की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में राजगढ़ की टीम ने मेजबान वीर सावरकर महाविद्यालय, पचोर की टीम को 27-8 के बड़े अंतर से पराजित किया। फाइनल मुकाबले में राजगढ़ की टीम ने शुरुआत से ही तेज पासिंग, सटीक शूटिंग और मजबूत डिफेंस के साथ प्रभावी खेल का प्रदर्शन किया। कप्तान विनीत, एल्विन एवं तानिष्क ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रतियोगिता के चयन समिति अध्यक्ष एवं आयोजक महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र गुप्ता ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए खिलाड़ियों एवं संबंधित महाविद्यालयों को शुभकामनाएं दीं। टीम के प्रेक्षक डॉ. राहुल भैसानीया ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। महाविद्यालय के क्रीड़ा प्रभारी डॉ. बी.एल. वर्मा एवं क्रीड़ा अधिकारी श्री मनोज दुबे ने विजेता टीम को बधाई दी। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वी.बी. खरे ने टीम की सफलता पर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास एवं टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। टीम की सफलता पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने भी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।