विकाखण्ड सारंगपुर के हर गांव तक पहुंचेगा पर्याप्त पेयजल, किसानों को सिंचाई के लिए मिलेगा पर्याप्त पानी*
*
– *राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल*
*सेवा सदन में जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक, योजनाओं की प्रगति जानी और प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश*
*राजगढ़ 05 नवम्बर, 2026*
विकासखण्ड सारंगपुर क्षेत्र के प्रत्येक गांव में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने तथा किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त मात्रा में जल मिले, इस उद्देश्य से प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कौशल विकास एवं रोजगार विभाग श्री गौतम टेटवाल ने गुरूवार को सारंगपुर स्थित सेवा सदन कार्यालय में जल संसाधन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने विधानसभा क्षेत्र में जल उपलब्धता, जल प्रबंधन एवं पेयजल व्यवस्था से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से क्षेत्र के सभी ग्रामों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसानों को खेती के लिए पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध कराने हेतु संचालित योजनाओं की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी प्राप्त की।
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करते हुए योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। पेयजल और सिंचाई से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता से लेते हुए उनके निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री टेटवाल ने कहा कि हमारा लक्ष्य विकासखण्ड सारंगपुर क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक पर्याप्त एवं सुचारु पेयजल पहुंचाना और किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना है। जल संसाधनों का समुचित उपयोग ग्रामीण विकास, कृषि उत्पादन और क्षेत्र की खुशहाली के लिए अत्यंत आवश्यक है। हमारा संकल्प है कि हर गांव में पेयजल की बेहतर व्यवस्था हो और अन्नदाता किसान समृद्ध एवं खुशहाल बने।