उपचार के बाद एसडीएम की अनुमति से सेवाधाम आश्रम उज्जैन भेजा गया*
*गंभीर हालत में मिले निराश्रित बुजुर्ग को जिला अस्पताल ने दिया सहारा*
*
*राजगढ़ 26 सितम्बर, 2026*
राजगढ़ जिला चिकित्सालय में 20 सितम्बर को गंभीर हालत में एक निराश्रित बुजुर्ग को एंबुलेंस की सहायता से भर्ती कराया गया। लगभग 70 वर्षीय बुजुर्ग अपनी गंभीर स्वास्थ्य स्थिति के कारण अपना नाम और पता बताने में असमर्थ थे। उनके साथ कोई परिजन भी नहीं था तथा पहचान संबंधी कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने से उनकी पहचान नहीं हो सकी। बुजुर्ग को जिला चिकित्सालय के मेल मेडिकल वार्ड में भर्ती कर चिकित्सकों एवं अस्पताल स्टाफ द्वारा तत्काल उपचार प्रारंभ किया गया।चिकित्सकीय उपचार के साथ स्टाफ द्वारा लगातार उनकी देखभाल की गई। उपचार एवं समुचित देखभाल के बाद बुजुर्ग के स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ।
स्वास्थ्य में सुधार होने पर 23 सितम्बर को उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। हालांकि पहचान एवं स्थायी पते की जानकारी उपलब्ध नहीं होने के कारण उनके आगे की देखभाल एवं सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था चुनौती बनी हुई थी। इसको देखते हुए अस्पताल प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा उनके सुरक्षित रहने की व्यवस्था के लिए आवश्यक प्रयास किए गए। अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारी श्रीमती निधि भारद्वाज की अनुमति से 26 सितम्बर को बुजुर्ग को उचित देखभाल एवं आश्रय के लिए सेवाधाम आश्रम, उज्जैन भेजा गया। अब आश्रम में उनके रहने, भोजन एवं आवश्यक देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
इस पूरी प्रक्रिया में जिला चिकित्सालय के मेल मेडिकल वार्ड की इंचार्ज श्रीमती रोशनी कटरे सहित अन्य चिकित्सकीय एवं अस्पताल स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. रजनीश शर्मा ने बताया कि निराश्रित बुजुर्ग की मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए उनके सुरक्षित आश्रम तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई है, ताकि आगामी समय में उनकी उचित देखभाल एवं सुरक्षित जीवन की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।