कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं एसपी श्री अमित तोलानी ने किया खिलचीपुर मार्केटिंग सोसायटी का किया औचक निरीक्षण
**
*व्यवस्थाओं में कमियां मिलने पर डीआर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश, किसानों की सुविधा एवं सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर*
राजगढ़। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी ने खिलचीपुर स्थित मार्केटिंग सोसायटी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सोसायटी परिसर में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा वहां आने वाले किसानों की सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान सोसायटी परिसर में पेयजल की सुविधा एवं हम्मालों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने तथा अधिक भीड़ पाए जाने पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने उक्त कमियों के संबंध में डीआर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सोसायटी में आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, हम्मालों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा भीड़ का सुव्यवस्थित प्रबंधन करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की सुविधा, सुचारु कार्य व्यवस्था एवं आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।।