छापीहेड़ा और संडावता की लंबित शिकायतों पर 2-2 हजार रुपये जुर्माने के निर्देश*
L
*सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के समय-सीमा में निराकरण पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा सख्त
*सोयाबीन भावांतर पंजीयन, मुख्यमंत्री जन विश्वास एवं सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर तत्काल कार्यवाही के निर्देश*
*राजगढ़ 05 अक्टूबर, 2026*
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, अपर कलेक्टर श्री प्रताप सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सीएम हेल्पलाइन की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों की शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में जवाब प्रस्तुत करते हुए उनका संतुष्टिपूर्ण एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। समीक्षा के दौरान तहसीलदार छापीहेड़ा एवं नायब तहसीलदार संडावता से संबंधित शिकायतें समय-सीमा बाह्य पाए जाने पर दोनों पर 2-2 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने ई-अटेंडेंस एवं सार्थक ऐप पर दर्ज उपस्थिति की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अधिकारी- कर्मचारियों की उपस्थिति की नियमित निगरानी की जाए तथा ई-अटेंडेंस व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो।
*भावांतर पंजीयन में किसानों को मिले आवश्यक जानकारी और सुविधा*
में 3 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक किए जा रहे सोयाबीन भावांतर पंजीयन की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि मंडियों में किसानों एवं व्यापारियों के साथ बैठक आयोजित कर भावांतर योजना के पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी दें। उन्होंने पात्र किसानों के पंजीयन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
*आरटीई की जानकारी लंबित रखने पर कारण बताओ नोटिस के निर्देश*
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान जिला परियोजना अधिकारी, सर्व शिक्षा अभियान द्वारा कलेक्टर डॉ. मिश्रा के निर्देशानुसार निर्धारित समयावधि में वर्ष 2024-25 की आरटीई संबंधी जानकारी प्रस्तुत नहीं किए जाने पर डीपीसी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
*मुख्यमंत्री जन विश्वास एवं सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा*
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान एवं सेवा संकल्प अभियान की विस्तार से समीक्षा करते हुए अब तक की गई गतिविधियों एवं विभागीय प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि दोनों अभियानों के माध्यम से शासन की योजनाओं, सेवाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए आमजन को अधिकतम लाभ पहुंचाया जाए।
*निर्वाचन संबंधी कार्यों में तत्परता के निर्देश*
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही तत्काल प्रारंभ करने तथा निर्वाचन संबंधी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के पूर्व अधिकारियों को खिलाई एल्बेंडाजोल की गोली
बैठक के अंत में स्वास्थ्य विभाग द्वारा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के पूर्व सभी जिलाधिकारियों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई गई। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान के उद्देश्य एवं निर्धारित गतिविधियों के संबंध में आवश्यक जानकारी भी दी गई।