ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश*
*‘’मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’’*
*मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत धानोदा का किया निरीक्षण*
*
*राजगढ़ 18 सितम्बर, 2026*
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले द्वारा ग्राम पंचायत धानोदा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संबंधित विभिन्न आवश्यक सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान फौती, नामांतरण, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र सहित अन्य नागरिक सेवाओं के संबंध में जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ग्रामीणों को इन सेवाओं का लाभ समयबद्ध एवं सुगमता से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने गांव में पेयजल व्यवस्था की जानकारी लेते हुए ग्रामीणों को पर्याप्त एवं नियमित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र को उपलब्ध भवन में शिफ्ट करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण में आंगनवाड़ी सेवाओं का लाभ मिल सके। इस दौरान प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया गया। विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं मूलभूत सुविधाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने विद्यालय परिसर में स्वच्छता, साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने तथा परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नागरिक सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचे। साथ ही ग्रामीणों की स्थानीय आवश्यकताओं एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।