एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश लेकर दौड़े राजगढ़वासी*
*
*रन फॉर यूनिटी में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा*
*कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान को किया स्मरण*
*राजगढ़ 31 अक्टूबर, 2026*
सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला मुख्यालय पर ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. गिरिश कुमार मिश्रा ने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस की शुरुआत देश की एकता और अखंडता के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अनेक स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना बलिदान दिया। आजादी के समय भारत छोटी-छोटी रियासतों में बंटा हुआ था, जिन्हें एक सूत्र में पिरोकर भारतीय संघ में सम्मिलित करना एक बहुत बड़ी चुनौती थी। सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने दृढ़ संकल्प, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता से इस असाधारण कार्य को संभव बनाया। इसी कारण उन्हें ‘लौह पुरुष’ कहा जाता है। राष्ट्र के प्रति उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के जीवन और विचारों का अध्ययन करें तथा खेलकूद सहित विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता करें।
पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी ने कहा कि रन फॉर यूनिटी केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश देने का माध्यम है। यह सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र के प्रति अतुलनीय योगदान को नमन करने और उनके विचारों एवं आदर्शों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक सार्थक प्रयास है। इस आयोजन के माध्यम से हम सभी एकजुट होकर देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लेते हैं।
के मुख्य अतिथि राजगढ़ विधायक श्री अमर सिंह यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी बच्चे पूरे उत्साह और जोश के साथ रन फॉर यूनिटी में भाग लें। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें देश के निर्माण के पीछे रहे महान विचारों और संकल्पों का स्मरण कराता है। हमें उन सभी महापुरुषों के योगदान को नमन करते हुए यह संकल्प लेना चाहिए कि हम देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के एकता के संदेश को आत्मसात करते हुए हमें मिलकर देश को आगे बढ़ाना है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से एकजुट रहने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया तथा सभी को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राजगढ़ विधायक श्री अमर सिंह यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री ज्ञान सिंह गुर्जर, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री अमित तोलानी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मंच से एक नन्ही बालिका ने उपस्थित सभीजनों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। सभी ने देश की में एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने तथा आपसी सद्भाव के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। रन फॉर यूनिटी में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं युवाओं ने पूरे निर्धारित मार्ग राजगढ़ जिला स्टेडियम से होते हुए, खिलचीपुर नाका, पेट्रोल पम्प, संस्कृति होटल से होते हुए मंगल भवन तक उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने पूरे जोश और उमंग के साथ दौड़ में शामिल होकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्री ज्ञान सिंह गुर्जर ने मंगल भवन में उपस्थित सभी जन को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के समापन उपरांत प्रतिभागियों को स्वल्पाहार एवं पानी वितरित किया गया। इस दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल के विचारों और उनके राष्ट्र के प्रति समर्पण को स्मरण करते हुए एकता, आपसी सद्भाव और देशहित में सदैव एकजुट रहने का संदेश दिया गया।