सीएम हेल्पलाइन, जनविश्वास अभियान एवं स्वामित्व योजना की समीक्षा, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश*
*
*कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने स्वयं शिकायतकर्ताओं से की फोन पर चर्चा, लंबित प्रकरणों में जवाबदेही तय करने के दिए निर्देश*
*राजगढ़ 02 नवम्बर, 2026*
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को समय सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, अपर कलेक्टर श्री प्रताप सिंह चौहान, अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारी श्री सुशील कुमार सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री के.एल. बंजारे उपस्थित रहे। बैठक में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की गहन समीक्षा की गई। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने समय सीमा बैठक के दौरान स्वयं शिकायतकर्ताओं से फोन पर चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने, आवश्यक निर्देश देने तथा लंबित प्रकरणों में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले ने आगामी जनविश्वास अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु एसडीएम सारंगपुर एवं सीएमओ सारंगपुर को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ऊर्जा विभाग को प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने सीएम हेल्पलाइन पर लंबे समय से शिकायत लंबित रहने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग में अनुकंपा नियुक्ति का प्रकरण निराकृत नहीं करने वाले संबंधित लिपिक को निलंबित करने के निर्देश दिए। वहीं 400 से अधिक दिनों से अभिलेख दुरुस्ती का प्रकरण लंबित रखने पर डिप्टी कलेक्टर सुश्री सोनाली डॉवर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
*स्वामित्व योजना एवं समग्र ई-केवाईसी की समीक्षा*
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने स्वामित्व योजना के क्रियान्वयन को लेकर सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जिन पटवारियों के कार्यों में धीमी प्रगति है, उन्हें कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही समग्र ई-केवाईसी की प्रगति की भी समीक्षा कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
*डॉक्टरों एवं सीएचओ की उपस्थिति की समीक्षा, तीन दिवस का वेतन रोकने के निर्देश*
बैठक में डॉक्टरों एवं सीएचओ की उपस्थिति तथा कार्य अवधि की समीक्षा की गई। जिन डॉक्टरों की कार्यस्थल पर उपस्थिति निर्धारित कार्य अवधि से कम पाई गई, उनका तीन दिवस का वेतन रोकने के निर्देश कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने दिए।
*अवमानना प्रकरणों की भी की समीक्षा*
बैठक में न्यायालयीन अवमानना (कंटेम्प्ट) प्रकरणों की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
*सड़क निर्माण में सहयोग नहीं करने पर सीएमओ कुरावर को नोटिस*
कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने 900 किलोमीटर नगरीय सड़क निर्माण कार्य में अपेक्षित सहयोग नहीं करने पर सीएमओ कुरावर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी समय सीमा बैठक में स्वयं उपस्थित होकर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।