उल्लास-एक अभिनव प्रयोग’ के तहत आयोजित हुई रंगोली प्रतियोगिता*
*
*न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं के बच्चों ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा*
*राजगढ़ 01 अक्टूबर, 2026*
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जिला न्यायालय राजगढ़ के तत्वावधान में गत दिवस को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश जिला न्यायालय राजगढ़ श्री राजीव म. आपटे के मुख्य आतिथ्य तथा समस्त न्यायिक अधिकारियों के विशेष आतिथ्य में ‘उल्लास-एक अभिनव प्रयोग’ अभियान के अंतर्गत रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन जिला न्यायालय, राजगढ़ परिसर में किया गया। प्रतियोगिता में न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं, पैरालीगल वालेंटियर्स एवं अन्य संबंधितों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता में लगभग 50 बच्चों ने भाग लिया। सहभागी सभी बच्चों को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री राजीव म. आपटे द्वारा प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
अवसर पर बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सांस्कृतिक, देशभक्ति एवं प्रकृति आधारित विभिन्न रंग-बिरंगी रंगोलियां तैयार कीं। बच्चों द्वारा बनाई गई आकर्षक रंगोलियों ने कार्यक्रम को मनमोहक बना दिया। ‘उल्लास-एक अभिनव प्रयोग’ अभियान का मुख्य उद्देश्य न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं तथा न्यायिक तंत्र से जुड़े सभी सहभागियों एवं उनके परिवारों को एक साथ जोड़कर उनके मानसिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी कल्याण को बढ़ावा देना है, ताकि न्यायिक कार्य स्वस्थ तन, मन एवं ऊर्जा के साथ संपादित किया जा सके। यह अभियान मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के पालन में प्रदेश के समस्त न्यायालयों में पदस्थ अधिकारियों, कर्मचारियों, अधिवक्ताओं एवं अन्य संबंधितों के प्रोत्साहन एवं कल्याण के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।