कहानी बदलाव की’’* *मुद्रा ऋण से श्री माहेश्वरी के उद्यम को मिली नई उड़ान*
*‘’
*राजगढ़ 13 अक्टूबर, 2026*
जिले के युवा उद्यमी श्री अक्षत माहेश्वरी ने अपनी उद्यमशील सोच और प्रयासों से आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम बढ़ाया है। उन्होंने खेत्वेदा वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड की स्थापना कर स्थानीय किसानों से सोयाबीन एवं चिया सीड्स की खरीदी शुरू की, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके। व्यवसाय के विस्तार, उत्पादों की गुणवत्ता, प्रसंस्करण, पैकेजिंग एवं विपणन के लिए पूंजी की आवश्यकता को पूरा करने हेतु श्री माहेश्वरी ने एमएसएमई मुद्रा ऋण योजना के अंतर्गत 9.50 लाख रुपये का ऋण प्राप्त किया। इस वित्तीय सहयोग से उन्हें व्यवसाय के संचालन एवं विस्तार में मदद मिली और स्थानीय किसानों से बड़े स्तर पर कच्चा माल खरीदने का अवसर मिला।
*डिजिटल माध्यमों से देशभर में पहुंच*
मुद्रा ऋण से मिले संबल के बाद खेत्वेदा वेलनेस ने अमेजन, फ्लिपकार्ट एवं मीशो जैसे ई-कॉमर्स मंचों के माध्यम से अपने उत्पादों को देशभर के उपभोक्ताओं तक पहुंचाना शुरू किया। साथ ही, एमएसएमई उद्योग विभाग के अंतर्गत संचालित रैम्प योजना के तहत मुंबई में आयोजित अनुगा फूड टेक एक्सपो में भी सहभागिता की। श्री माहेश्वरी की यह पहल युवा उद्यमिता, स्थानीय संसाधनों के उपयोग और किसानों को बाजार से जोड़ने का उदाहरण है। उनका प्रयास है कि स्थानीय किसानों की उपज को बेहतर बाजार मिले और प्राकृतिक उत्पाद अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक पहुंचें।