सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित
**
*राजगढ़ 23 सितम्बर, 2026*
सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत जिले के सभी विकासखंडों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विकासखंड स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से चयनित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर अपनी रचनात्मकता एवं कल्पनाशीलता को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।राजगढ़ विकासखंड में सांसद श्री रोडमल नागर एवं विधायक राजगढ़ श्री अमर सिंह यादव ने प्रतियोगिता में सहभागिता कर विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों का अवलोकन किया तथा उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया।
खिलचीपुर विकासखंड में आयोजित प्रतियोगिता में विधायक खिलचीपुर श्री हजारी लाल दांगी ने विद्यार्थियों की कलाकृतियों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच देश के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। जीरापुर विकासखंड में शासकीय सांदीपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित प्रतियोगिता की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष श्री ज्ञान सिंह गुर्जर ने की।प्रतियोगिता में 10 संकुल केंद्रों के चयनित विद्यार्थियों ने भाग लिया। उन्होंने विद्यार्थियों की कलाकृतियों की सराहना करते हुए रचनात्मक गतिविधियों में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने डिजिटल एवं विकसित भारत, स्वच्छ एवं हरित भारत, आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण एवं आधुनिक शिक्षा जैसे विषयों को अपनी कलाकृतियों में अभिव्यक्त किया। जिला शिक्षा विभाग द्वारा बताया गया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नवाचार, राष्ट्र निर्माण की भावना एवं सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रमों में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।