आंगन मिलन सेवा' कार्यक्रम में पोषण, स्वास्थ्य एवं सम्मान का संदेश*
*'
*परियोजना ब्यावरा के आंगनवाड़ी केन्द्र मोहनीपुरा में, परियोजना सुठालिया के आंगनवाडी केन्द्र शहरी वार्ड 12 में उत्साह एवं उमंग के साथ हुआ आयोजन*
*राजगढ़ 29 सितम्बर, 2026*
"सेवा संकल्प अभियान 2026 अंतर्गत 'आंगन मिलन सेवा' कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में विकासखण्ड ब्यावरा के परियोजना ब्यावरा अंतर्गत आंगनवाड़ी केन्द्र मोहनीपुरा में एवं परियोजना सुठालिया के आंगनवाडी केन्द्र शहरी वार्ड 12 में कार्यक्रम का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। आंगनवाडी केन्द्र मोहनीपुरा परियोजना ब्यावरा में कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार व अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थितजनों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों को मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार द्वारा 'आंगन मिलन सेवा' एवं सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों तथा योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई।
*पोषण किट का वितरण एवं हितग्राहियों का सम्मान*
कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार द्वारा पोषण किट वितरित कर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं लाड़ली बहना योजना की पात्र महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त विभागीय कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
*पोषण वाटिका में पौधारोपण कर दिया पोषण का संदेश एवं संवाद*
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्र की पोषण वाटिका में पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर उपस्थितजनों को पोषण वाटिका के महत्व तथा स्थानीय स्तर पर पौष्टिक आहार की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए इसके संरक्षण एवं संवर्धन हेतु प्रेरित किया गया। आंगनवाडी केन्द्र पर मुख्य अतिथि राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार द्वारा आंगनवाडी केन्द्र पर लाभांवित हितग्राहियों के साथ संवाद भी किया गया। हितग्राहियों को फलों एवं मिठाईयों का वितरण किया गया।
*बच्चों के लिए खेल एवं आनंदमयी गतिविधियां*
मिलन सेवा कार्यक्रम को बच्चों के लिए आनंदमय एवं रोचक बनाने के उद्देश्य से विभिन्न खेल, मनोरंजन एवं आनंदमयी गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए खेल एवं गतिविधियों का आनंद लिया। कार्यक्रम के माध्यम से बब्बों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ आंगनवाड़ी केन्द्र को समुदाय से जोड़ने का संदेश भी दिया गया।
*स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन*
कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अमले द्वारा आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य, मातृ एवं शिशु देखभाल तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।