अंतर्राष्ट्रीय बेटी दिवस पर शासकीय उत्कृष्ट कन्या छात्रावास में ब्रह्माकुमारीज द्वारा कार्यक्रम*
*
राजगढ़। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, शिव वरदान भवन, राजगढ़ द्वारा अंतर्राष्ट्रीय बेटी दिवस के उपलक्ष्य में शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के कन्या छात्रावास में “जीवन में नैतिक मूल्यों की आवश्यकता” विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी मधु दीदी ने छात्राओं को चारित्रिक एवं बौद्धिक शिक्षा के समन्वय के महत्व को समझाते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्राप्त करना नहीं, बल्कि अच्छे संस्कारों एवं श्रेष्ठ चरित्र का निर्माण भी है। उन्होंने छात्राओं को सकारात्मक सोच, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
वहीं ब्रह्माकुमारी दीपिका दीदी ने अंतर्राष्ट्रीय बेटी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज और राष्ट्र के निर्माण में बेटियों की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा के साथ संस्कार, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक दृष्टिकोण से सशक्त बनाना आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में सभी कन्याओं का तिलक एवं दुपट्टे से सम्मान किया गया तथा केला प्रसाद वितरित किया गया। साथ ही सभी छात्राओं को पेन एवं डायरी भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर छात्रावास अधीक्षक सुनीता सुमन सहित लगभग 38 कन्याएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों को शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों के महत्व से परिचित कराना रहा।